नवी मुंबई के नेरुल इलाके में बुधवार को एक आवासीय इमारत का स्लैब हिस्सा ढह गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सेक्टर 6 स्थित तीन मंजिला इमारत में रात करीब 9.15 बजे हुई। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस के कर्मी राहत-बचाव के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। घायल लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे नवी मुंबई नगर निगम के आयुक्त राजेश नार्वेकर ने बताया कि तुलसी भवन इमारत की तीसरी मंजिल का स्लैब रात नौ बजे के आसपास गिर गया। जिससे दो लोगों की मौत हो गई है। हादसे में घायल हुए दो अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि इमारत को खाली करा लिया गया है। गुरुवार को इमारत की सुरक्षा जांच की जाएगी।
इससे पहले, 21 अगस्त को मुंबई के कुर्ला इलाके में एक आवासीय इमारत ढह गई थी, जिससे एक युवती की मौत हो गई थी। तीन मंजिला यह इमारत सुभाष नगर इलाके में थी। इमारत की एक दीवार बगल की चॉल पर गिर गई थी, जिससे काफी नुकसान हुआ था।
मुंबई में जीका वायरस का मामला मिला
मुंबई के एक बुजुर्ग में जीका वायरस संक्रमण का मामला सामने आया है। हालांकि मरीज अब पूरी तरह से इससे उबर चुका है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि लोग घबराएं नहीं, जीका संक्रमण स्वयं ठीक होने वाली बीमारी है। बीएमसी ने कहा कि पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान ने उपनगर चेंबूर के एक शख्स में जीका वायरस संक्रमण की पुष्टि की है। विज्ञप्ति के मुताबिक, बुजुर्ग में 19 जुलाई को बुखार, नाक बंद होना और खांसी जैसे लक्षण दिखे और उन्होंने निजी डॉक्टर से लक्षणों का उपचार कराया। मरीज को ठीक होने पर दो अगस्त को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वृद्ध की 20 साल पहले एंजियोप्लास्टी हुई थी और उन्हें मधुमेह, रक्तचाप समेत अन्य बीमारियां भी हैं।
नासिक में आज से होगी प्याज की बिक्री
प्याज के निर्यात पर 40 फीसदी शुल्क लगाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे नासिक के व्यापारियों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया है। इसके बाद अब नासिक जिले में सभी कृषि मंडियों (एपीएमसी) में बृहस्पतिवार से फिर प्याज की नीलामी शुरू होगी। बुधवार को केंद्रीय मंत्री डॉ भारती पवार के साथ हुई किसानों और व्यापारियों एवं निर्यातकों के प्रतिनिधियों की बैठक में प्याज की नीलामी दोबारा शुरू करने का फैसला किया गया।