फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'कोई सुरक्षित नहीं है': सीडीएस सुब्रमणि ने भविष्य के युद्धों पर कही अहम बात, स्टारलिंक को लेकर भी दिया बयान

Mon, 16 Nov 2026 11:43 AM IST
देवेश त्रिपाठी एएनआई, नई दिल्ली

सार

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने भविष्य के युद्धों के लिए भारत की अपनी अंतरिक्ष और सैटेलाइट क्षमताएं मजबूत करने पर जोर दिया है। उन्होंने यूक्रेन युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि स्टारलिंक सेवाएं बाधित होने पर यूक्रेनी लंबी दूरी के ड्रोन की प्रभावशीलता प्रभावित हुई थी।
विज्ञापन
सीडीएस जनरल राजा सुब्रमणि - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने भविष्य के युद्धों के लिए भारत की स्वदेशी अंतरिक्ष क्षमताओं को मजबूत करने पर जोर दिया है। उन्होंने यूक्रेन युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि बाहरी सैटेलाइट संचार प्रणालियों पर निर्भरता सैन्य अभियानों को प्रभावित कर सकती है। गौरतलब है कि यूक्रेन में स्टारलिंक सेवाएं बाधित होने के बाद लंबी दूरी के ड्रोन की प्रभावशीलता कम हो गई थी।
विज्ञापन


दिल्ली में आयोजित एएनआई के एक कार्यक्रम में जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा, ''आधुनिक युद्ध में अंतरिक्ष की भूमिका लगातार बढ़ रही है। भारत को सैटेलाइट के जरिए खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी, संचार और सटीक नेविगेशन की अपनी क्षमता बढ़ानी होगी।''

उन्होंने कहा कि भारत ने स्पेस बेस्ड सर्विलांस-3 (एसबीएस-3) कार्यक्रम शुरू किया है। इसके पूरी तरह लागू होने के बाद देश की अंतरिक्ष आधारित निगरानी क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि भारत को इस क्षमता का और विस्तार करना होगा, ताकि खुफिया जानकारी, निगरानी, संचार और सटीक नेविगेशन के लिए भरोसेमंद व्यवस्था तैयार हो सके।
विज्ञापन


स्टारलिंक सेवा बाधित होने का दिया उदाहरण
सीडीएस ने कहा, ''भविष्य में अंतरिक्ष भी संघर्ष का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बन जाएगा। विरोधी देश भारत को अंतरिक्ष आधारित सुविधाओं के इस्तेमाल से रोकने की कोशिश कर सकते हैं।'' उन्होंने यूक्रेन युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि जब स्टारलिंक सेवाओं को रोका गया या उनकी क्षमता कम हुई, तो यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन की प्रभावशीलता प्रभावित हुई। इसलिए भारत के लिए अपनी अंतरिक्ष क्षमताओं पर आत्मनिर्भर होना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ-साथ निजी क्षेत्र की कंपनियों को भी भरोसेमंद और मजबूत क्षमता विकसित करनी होगी।

एआई और ड्रोन बदल रहे युद्ध का स्वरूप: सीडीएस जनरल राज सुब्रमणि
सीडीएस जनरल सुब्रमणि ने कहा, ''कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), उपग्रहों से मिलने वाली खुफिया जानकारी और बड़े पैमाने पर तैयार किए जा रहे ड्रोन आधुनिक युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहे हैं। अब किसी देश का पूरा भौगोलिक क्षेत्र युद्ध का मैदान बन सकता है और इसमें कोई भी सुरक्षित नहीं है।'' उन्होंने कहा कि भविष्य के संघर्षों में सैन्य ठिकानों के साथ उद्योग, संचार नेटवर्क, ऊर्जा केंद्र और आम नागरिक भी हमलों की चपेट में आ सकते हैं।

भारत में स्टारलिंक की संभावित शुरुआत के बीच बयान
जनरल राजा सुब्रमणि का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत के सैटेलाइट संचार बाजार में स्टारलिंक की संभावित शुरुआत को लेकर चर्चा जारी है। स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने भारत में कंपनी के व्यावसायिक संचालन में कथित बाधाओं को लेकर चिंता जताई है। वहीं, सरकार का कहना है कि सैटेलाइट संचार क्षेत्र में सभी कंपनियों का स्वागत है। उपभोक्ता कीमत, गुणवत्ता और सेवाओं के आधार पर अपने सेवा प्रदाता का चुनाव कर सकेंगे।

जियो, वनवेब और स्टारलिंक को भारत में सैटेलाइट संचार सेवाओं के संचालन के लिए लाइसेंस मिल चुके हैं। हालांकि, व्यावसायिक सेवाएं शुरू करने से पहले कंपनियों को निर्धारित सुरक्षा शर्तें पूरी करनी होंगी। स्पेक्ट्रम आवंटन और उसकी कीमत तय करने से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।

भविष्य के युद्धों के लिए पांच क्षेत्रों पर जोर
सीडीएस ने भारत की रक्षा तैयारियों और आत्मनिर्भरता के लिए पांच प्रमुख क्षेत्रों को महत्वपूर्ण बताया। इनमें अंतरिक्ष क्षमता, एल्गोरिदम और डेटा आधारित युद्ध, रक्षा निर्माण, पुराने सैन्य उपकरणों का आधुनिकीकरण और कुशल मानव संसाधन का विकास शामिल है।

उन्होंने कहा कि भविष्य के युद्धों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की भूमिका लगातार बढ़ेगी। इसके लिए डेटा, कंप्यूटिंग क्षमता, ऊर्जा और प्रशिक्षित लोगों की उपलब्धता बेहद जरूरी होगी। उन्होंने बताया कि रक्षा बल डेटा को व्यवस्थित करने, उसके लिए स्पष्ट मानक बनाने और सही समय पर जरूरी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए नेटवर्क को बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं।

रक्षा क्षेत्र में जरूरी उपकरण और पुर्जे देश में बनाने पर जोर
जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा कि आत्मनिर्भरता का मतलब केवल तैयार रक्षा प्रणालियों का निर्माण या असेंबलिंग करना नहीं है। भारत को महत्वपूर्ण उपकरणों और उनके पुर्जों का उत्पादन भी देश में करना होगा। उन्होंने कहा कि रक्षा उद्योग को उत्पादन क्षमता बढ़ाने और जरूरत के समय तेजी से निर्माण करने में सक्षम बनना होगा।

उन्होंने सर्वो, मैग्नेटोमीटर और सेंसर जैसे महत्वपूर्ण हिस्सों का उदाहरण दिया। उनके मुताबिक, भारतीय कंपनियों को इनका निर्माण खुद करना चाहिए या कम से कम इनके डिजाइन, बौद्धिक संपदा अधिकार (IP) और तकनीक पर अपना नियंत्रण रखना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर उत्पादन किया जा सके।

आत्मनिर्भरता पर क्या बोले सीडीएस?
जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा, "मेरे अनुसार आत्मनिर्भरता का मतलब है फैसला लेने की आजादी, कार्रवाई करने की क्षमता और मुश्किलों को झेलने की ताकत। आत्मनिर्भरता केवल किसी झटके को सहने तक सीमित नहीं है। इसका मतलब है उस झटके को सहना, उसका अध्ययन करना, उससे उबरना और फिर से आगे बढ़ना।"

उन्होंने कहा, ''आत्मनिर्भरता का अर्थ रणनीतिक रूप से अलग-थलग रहना या हर चीज का निर्माण खुद करना नहीं है। इसका मतलब अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं पर नियंत्रण रखना, भरोसेमंद और मजबूत साझेदारों के साथ काम करना तथा जरूरी क्षमताओं और तकनीकों पर अपना नियंत्रण बनाए रखना है, ताकि भारत अपने रणनीतिक फैसले खुद ले सके।''

ऑपरेशन सिंदूर पर सीडीएस ने दिया बड़ा बयान
उन्होंने कहा, "हमने ऑपरेशन और उनके बीच तालमेल के मामले में कई चीजें सही कीं। ऑपरेशन सिंदूर ने साबित किया कि हम भारत के हथियारों से भारत की लड़ाई लड़ सकते हैं। यह संयुक्त योजना और कई क्षेत्रों में एक साथ सैन्य कार्रवाई का अच्छा उदाहरण था। आकाश जैसी हमारी स्वदेशी वायु रक्षा प्रणालियों ने पाकिस्तान के हवाई हमलों को रोकने में सफलता हासिल की। इस ऑपरेशन में तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल भी देखने को मिला।"
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें