त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने कहा है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) राज्य में बीते साल दो पत्रकारों की हत्या की जांच करने पर सहमत हो गई है। ध्यान रहे कि बीते साल 21 सितंबर को पश्चिम त्रिपुरा जिले में नाकेबंदी की कवरेज के लिए स्थानीय टीवी पत्रकार शांतनू भौमिक की हत्या हो गई थी। उसके बाद 20 नवंबर को एक क्षेत्रीय अखबार के रिपोर्टर सुदीप्त दत्त भौमिक की त्रिपुरा स्टेट राइफल्स की दूसरी बटालियन के मुख्यालय में हत्या कर दी गई थी। राज्य पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) इन दोनों मामलों की जांच कर रहा है।
उसने पहले मामले में आरोपपत्र दायर कर दिया है। मुख्यमंत्री ने यहां बताया कि सीबीआई इन दोनों मामलों की जांच करने के लिए तैयार हो गई है। राज्य सरकार ने केंद्र को इन मामलों की जांच सीबीआई को सौंपने का प्रस्ताव भेजा था। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले पार्टी ने इन हत्याओं की जांच सीबीआई से कराने का वादा किया था। आज पार्टी ने अपना वादा पूरा कर दिया है।