2016 में भाग गए थे संजय भंडारी
संजय भंडारी 2016 में ही चुपके से विदेश भाग गए थे। बताते हैं भंडारी को अपने उच्चस्तरीय संपर्कों से पता चला कि आयकर विभाग उनके यहां छापा मारने वाला है। बताते हैं आयकर छापा पडऩे के पहले ही वह विदेश भाग गए। विदेश जाने के लिए नेपाल का रूट चुने जाने की संभावना है और तब से वह लंदन में हैं। भाजपा के एक बड़े नेता का दावा है कि लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी के यूरोपीय टूर के दौरान उनके इर्द-गिर्द संजय भंडारी का साया भी मंडराया था। एक भाजपा नेता को यहां तक आशंका है कि कांग्रेस के पास राफेल से जुड़े कुछ दस्तावेज भी इसी रूट से आए थे।
आयकर विभाग के इस छापे में संजय भंडारी और राबर्ट वाड्रा कनेक्शन के कुछ संकेत मिले थे। ई-मेल आदान-प्रदान, लंदन के बंगले की जानकारी समेत कुछ अन्य तथ्य जांच एजेंसी को पता चले थे। इसी क्रम में प्रवर्तन निदेशालय ने पहले राबर्ट वाड्रा के करीबी मनोज अरोड़ा और फिर सीपी थंपी, सुमित चड्ढा तक को जांच के घेरे में लेना शुरू किया था। ज्यूरिख के यूबीएस बैंक से आफसेट इडियन सोल्यूशंस के खाते में ढाई लाख और साढ़े सात लाख स्विस फ्रैंक स्थानांतरित हुए थे। जांच एजेंसियां इसकी जद तक पहुंचना चाहती हैं। पिछले साल से प्रवर्तन निदेशालय अदालत के आदेश पर राबर्ट वाड्रा से लगातार पूछताछ कर रहा है।
क्या है राबर्ट वाड्रा की पृष्ठभूमि
राबर्ट वाड्रा अच्छी साइकिल, मोटर साइकिल, उम्दा कारों के शौकीन हैं। सालसा नृत्य में अच्छी पकड़ है और उनकी यही खूबी उन्हें प्रियंका गांधी के करीब लाई थी। वाड्रा के दादा सियालकोट, पाकिस्तान से भारत आए थे और पीतल के कारोबार में वाड्रा परिवार जुड़ा था। उनके पिता राजेन्द्र वाड्रा भी पीतल कारोबारी थे। वाड्रा की मां मरीन वाड्रा स्काटलैंड से हैं और आर्टेक्स एक्सपोर्ट कंपनी के जरिए वाड्रा हैंडीक्राफ्ट आइटम, कस्टम ज्वेलरी का कारोबार करते थे। बाद में वाड्रा ने जमीन, रीयल स्टेट के धंधे में भी कदम रखा।
कहा जाता है कि स्काईलाइट एफ जेडई के वह प्रमोटर हैं। राबर्ट वाड्रा को लेकर एजेंसी सूत्रों का आरोप हैं उन्होंने संजय भंडारी से संपर्क साधा था। ई-मेल किया था। संजय भंडारी की कंपनी ब्लू ब्रिज ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड के रजिस्टर्ड नंबर पर कई बार वाड्रा ने कॉल की थी। आरोप तो यह भी है कि संजय भंडारी के इस नंबर का इस्तेमाल कभी राबर्ट वाड्रा करते थे। कुल मिलाकर जांच के घेरे में संजय भंडारी के साथ-साथ सिंटेक कंपनी, ब्लू ब्रिज ट्रेडिंग प्रा. लिमिटेड, आफसेट इंडिया सोल्यूशंस, स्काईलाइट एफजेडई, सिंटेक कंपनी है। इस कड़ी में जांच को संजय भंडारी, सीपी थंपी, मनोज अरोड़ा, सुमित चड्ढा, राबर्ट वाड्रा समेत अन्य लोगों से पूछताछ की जरूरत पड़ सकती है।
कितने की है दलाली?
अभी जो सामने आ रहा है, उसमें 339 करोड़ रुपये की दलाली का मामला है। जांच जारी है और यह राशि बढ़ सकती है। माना जा रहा है कि इसमें अभी जांच के दौरान कुछ और तथ्य सामने आ सकते हैं। जांच एजेंसियों की निगाह 12, बायंस्टन स्क्वायर स्थिति बंगले की राशि के भुगतान, सिंटेक द्वारा बंगले के राशिके भुगतान, फिर इसका हस्तांतरण संजय भंडारी से सीपी थंपी तक का रहस्य कई नई जानकारी सामने ला सकता है।