सीबीआई ने एक गुजराती कारोबारी से पांच करोड़ रुपये की कथित वसूली करने के आरोप में अपने ही अफसर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि अधिकारी ने ईडी और इनकम टैक्स के छापे की धमकी देकर कारोबारी से यह वसूली कर रहा था।
आरोपों की प्रारंभिक जांच के बाद एजेंसी ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोप है कि गांधीनगर में उस वक्त बतौर इंस्पेक्टर तैनात सुनील नायर ने कारोबारी शैलेश भट्ट से पैसा ऐंठने के लिए पिछले साल फरवरी में आपराधिक साजिश रची। नायर ने भट्ट को सीबीआई के गांधीनगर कार्यालय में बुलाकर बिटकॉइन के जरिए काला धन कमाने पर ईडी और आयकर विभाग की कार्रवाई की कथित धमकी दी। नायर अभी शिलांग में तैनात है।
अधिकारियों ने बताया कि नायर ने कथित काले धन के मुद्दे पर चुप्पी साधे रखने के लिए कथित तौर पर 10 करोड़ रुपये मांगे पर बातचीत के बाद वह पांच करोड़ रुपये पर राजी हो गया। बाद में भट्ट ने चार करोड़ और 60 लाख रुपये की दो किश्तों में नायर को पैसे दिए। प्राथमिकी में कहा गया कि भट्ट की बिटकॉइन से जुड़े किसी मामले में कभी जांच नहीं की गई और न ही वह किसी मामले में कोई वांछित आरोपी, गवाह या संदिग्ध था।