यूपी के पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की पुत्रवधू सारा त्रिपाठी की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए शनिवार को सीबीआई की टीम जिले में पहुंची। अफसरों ने सिरसागंज हाईवे स्थित घटनास्थल का मुआयना किया। दोपहर बाद अमनमणि त्रिपाठी को लेकर जिला अस्पताल पहुंची टीम ने वहां भी साक्ष्य खंगाले। अस्पताल में अमनमणि त्रिपाठी के साथ जांच अधिकारी और पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों से पूछताछ की।
पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की पुत्रवधू सारा की मौत जुलाई 2015 में हुई थी। सालभर बीतने के बाद भी अब तक सारा की मौत की गुत्थी उलझी हुई है। हत्या और सड़क हादसे के बीच झूलते मौत के इस रहस्य को सुलझाने की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंपी गई थी। शनिवार की सीबीआई के एसपी और सीओ सारा की मौत के मामले के आरोपी अमनमणि त्रिपाठी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में सीबीआई के अफसर करीब आधे घंटे तक अमनमणि से पूछताछ करते रहे। इसके बाद टीम अमनमणि को लेकर पुराने आपातकालीन चिकित्सा विभाग पहुंची। हालांकि बंद होने के कारण टीम उसके भीतर नहीं जा सकी। अस्पताल में हुई जांच और पूछताछ के बाद सीबीआई अमनमणि को लेकर घटनास्थल सिरसागंज पहुंची। वहां घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की।