राष्ट्रीय जांच एजेंसी (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
केरल के कोझिकोड़ में कथित तौर पर माओवाद के समर्थन वाले पर्चे बांटने के आरोप में गिरफ्तार दो छात्रों के खिलाफ यूएपीए के तहत दर्ज मामलों की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) करेगी। अधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
एनआईए के एक अधिकारी ने बताया कि हमने कल (बुधवार को) फिर से मामला दर्ज किया और आने वाले दिनों में जांच की कमान संभालेंगे।
केरल उच्च न्यायालय ने 27 नवंबर को सत्तारूढ़ माकपा के दो छात्र कार्यकर्ताओं टी फजल (24) और ए सुहैब (20) की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इन दोनों को गैरकानूनी गतिविधियां निरोध कानून (यूएपीए) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
अदालत ने पुलिस की ओर से सौंपे गए उन साक्ष्यों स्वीकार कर लिया है जिसमें यह साबित करने का प्रयास किया गया है कि गिरफ्तार छात्रों के संबंध माओवादियों के साथ हैं। इसी आधार पर दोनों की जमानत याचिका खारिज की गई।
पत्रकारिता और कानून के छात्र तथा माकपा के छात्र कार्यकर्ता फजल और सुहैब को दो नवंबर को कोझिकोड़ से गिरफ्तार किया गया। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।