स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र को मजबूती देने और मानव संसाधन को बढ़ाने के लिए बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 14930 करोड़ रुपये की योजना को अपनी मंजूरी दे दी। इसमें अनारक्षित क्षेत्रों में 24 नए मेडिकल कॉलेज खोलना भी शामिल है। सरकारी बयान में कहा गया है कि नए मेडिकल कॉलेज खोलने के अलावा 2020-21 तक स्नातक और स्नातकोत्तर की 18058 सीटों में वृद्धि होगी।
इस पहल से देश में 10000 एमबीबीएस और 8000 पीजी की अतिरिक्त सीट बढ़ेंगी
सरकार की योजना 248 नर्सिंग और आशा कार्यकर्ताओं के स्कूल खोलना भी है। 24 मेडिकल कॉलेजों को जिला और रेफरल अस्पतालों से जोड़ने का काम 21-22 तक हो जाएगा। सरकार की योजना प्रत्येक 3 से 5 संसदीय क्षेत्र में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज खोलने की है। इस पहल से पूरे देश में 10000 एमबीबीएस और 8000 पीजी की अतिरिक्त सीट बढ़ेगी।
उज्ज्वला योजना में 8 करोड़ लोगों को मुफ्त कनेक्शन देने की भी मंजूरी
वहीं, कैबिनेट ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों का दायरा बढ़ा कर 8 करोड़ करने को भी अपनी मंजूरी दे दी है। इसके तहत 8 करोड़ लोगों को मुफ्त गैस का कनेक्शन दिया जाएगा। सरकार ने इसके लिए बजट में 4800 करोड़ रुपये अतिरिक्त आवंटित किया है। उधर नारियल उपजाने वालों को राहत देते हुए आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी ने गरी के न्यूनतम समर्थन मूल्य में प्रति क्विंटल 1000 रुपये इजाफा करने को मंजूरी दे दी।