मंगलूरू शहर के पुलिस आयुक्त पीएस हर्ष ने बताया कि कर्फ्यू को 22 दिसंबर की मध्यरात्रि तक के लिए पूरे शहर में लगाया जा रहा है।
उधर, मंगलूरू में कर्फ्यू की वजह से स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टी और बंद होने की घोषणा के बाद बेलगावी में स्थित विश्वेश्वरैया प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (वीटीयू) में भी 20 दिसंबर को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, परीक्षाओं की संशोधित समय सारणी जल्द ही घोषित की जाएगी।
बंगलूरू के पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने बताया कि शुक्रवार तक शहर में धारा 144 लागू रहेगी। अभी तक 24 लोगों को हिरासत में लिया गया है और आठ मामले दर्ज किए गए हैं। विधायक रिजवान अरशद और रामचंद्र गुहा के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए हैं।
हाईअलर्ट पर यूपी, गाजियाबाद में अगले 24 घंटे तक इंटरनेट सेवा बंद
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के चलते दिल्ली व अन्य स्थानों पर हुई घटनाओं के बाद यूपी और एनसीआर की सीमा से लगे जिला गाजियाबाद में हाई अलर्ट जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन की आशंका के चलते जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। एहतियात के तौर पर बृहस्पतिवार रात 10 बजे से शुक्रवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं हैं।
कर्नाटक के कई इलाकों में नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए। प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में मंगलुरु में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं लखनऊ में विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में एक की मौत हो गई। गुरुवार को देशभर में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा में अब तक कुल तीन लोगों की मौत हुई है।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने बताया, लखनऊ में विरोध-प्रदर्शन के दौरान 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। एसएसपी लखनऊ उचित कार्रवाई करेंगे, हम किसी को नहीं बख्शेंगे।
लखनऊ के हुसैनाबाद में बवाल के दौरान मोहम्मद वकील नामक युवक की गोली लगने से मौत हो गई है। युवक ने ट्रामा में इलाज के दौरान दम तोड़ा। बताया जा रहा है कि वकील के पेट में गोली लगी थी। मौत की खबर पर डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि हमारी तरफ से फायरिंग नहीं हुई है। मुझे नहीं पता की मौत कैसे हुई है। मुझे नहीं लगता कि इस मौत का प्रदर्शन से कोई संबंध है।
फरहान अख्तर बोले, आवाज उठाना हमारा हक
मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान की रैली में शामिल अभिनेता फरहान अख्तर ने कहा कि किसी मुद्दे पर विरोध की आवाज उठाना आपका लोकतांत्रिक हक है। लोग अपनी आवाज उठा रहे हैं। मेरा मानना है कि जो कुछ भी हो रहा है उसमें एक तरह का भेदभाव नजर आ रहा है।
गुजरात में हिंसा, मंगलूरू में कर्फ्यू
गुजरात में अहमदाबाद के शाह आलम इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। कई पुलिसकर्मी हुए घायल। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्नाटक के मंगलूरू में पुलिस ने कर्फ्यू लगा दिया है। साथ समूचे कर्नाटक में धारा 144 लगा दी गई है।
सीएम योगी बोले, संपत्ति जब्त करके नुकसान की भरपाई करेंगे
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- मैंने इस मामले (हिंसा) पर बैठक बुलाई है। विरोध प्रदर्शन के नाम पर आप हिंसा नहीं कर सकते। हम ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। जो दोषी होंगे उनकी संपत्ति जब्त करके नुकसान की भरपाई की जाएगी।
लखनऊ में विरोध प्रदर्शन के दौरान परिवर्तन चौक के आसपास के इलाके में 20 मोटरसाइकिलें, 10 कारें, तीन बसें और चार मीडिया की ओबी वैन में आग लगा दी गई है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय देश के विभिन्न हिस्सों में नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शन को लेकर आज एक समीक्षा बैठक करने जा रहा है।
अब खबर आ रही है कि शुक्रवार सुबह नौ बजे तक असम में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी।
असम में चल रहे प्रदर्शन के बीच हाईकोर्ट ने सरकार को शाम पांच बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल करने का निर्देश दिया है। गुरुवार शाम पांच बजे से इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बहाल होने की संभावना है।
लखनऊ के हजरतगंज इलाके में विरोध-प्रदर्शन हिंसक हो गया है। यहां प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लिया। एक मीडिया की ओबी वैन को भी आग लगा दी गई है।
लखनऊ के परिवर्तन चौक पर कांग्रेस, वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू व कई अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यहां प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां भी भांजी है। इसी तरह कलेक्ट्रेट व कैसरबाग क्षेत्र में सपा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है और गिरफ्तारी दी है। इसके अलावा भी शहर में जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं।
लखनऊ रेंज के आईजी एसके भगत ने बताया, परिवर्तन चौक पर स्थिति बिल्कुल सामान्य है। 300-400 लोग यहां खड़े हैं। उनका ज्ञापन लेने के बाद उन्हें वापस भेजा जा रहा है।
वहीं, लखनऊ के सीतापुर रोड पर खदरा के बाद ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के छोटा इमामबाड़ा के सतखंडा के पास प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चौकी फूंक दी। कई गाड़ियों में आग भी लगाई। रामगंज चौराहे पर पुलिस पर पथराव किया गया है। मस्जिद की छत से पथराव किया जा रहा है।
दिल्ली में गुरुग्राम रोड यानि NH-8 पर ट्रैफिक जाम की वजह से 16 उड़ानों में देरी हुई है। इंडिगो ने 19 उड़ानों को रद्द कर दिया है, क्योंकि चालक दल के सदस्य ट्रैफिक जाम और अन्य कारणों से जाम में फंसे हैं।
सम्भल जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा के बाद इंटरनेट सेवाओं को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। वहीं गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नागरिकता संशोधन अधिनियम के विरोध में प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया है। प्रदर्शनकारियों ने यहां पुलिस पर पथराव किया और नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। वहीं मदेहगंज चौकी में चौकी के पास तोड़ फोड़ और आगजनी की गई है। गंज में प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज की गई है।
वहीं लखनऊ के हसनगंज में वाहनों में आग लगा दी गई।
असम में भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से कहा कि वह संशोधित नागरिकता कानून की वजह से लोगों के गुस्से का सामना कर रहे हैं। विधायक पद्मा हजारिका ने यह जानकारी दी।
गुजरात के अहमदाबाद में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में विभिन्न वामपंथी दलों द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
दिल्ली में राजीव चौक समेत 20 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। जो मेट्रो स्टेशन बंद हैं उनके नाम हैं- राजीव चौक, जनपथ, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जसोला विहार, शाहीन बाग, मुनिर्का, लाल किला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक, विश्वविद्यालय, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, उद्योग भवन, आईटीओ, प्रगति मैदान, खान मार्केट, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस वसंत विहार और बाराखंबा मेट्रो स्टेशन। हालांकि केंद्रीय सचिवालय और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर गाड़ियों का इंटरचेंज जारी रहेगा।
दिल्ली में हो रहे कई प्रदर्शनों के चलते दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर बैरिकेडिंग लगाकर लोगों की गाड़ियों की चेकिंग हो रही है। इसके चलते इस रूट पर लंबा जाम लग गया है।
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज की बस में आग लगा दी। जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ दिया। अमरोहा में धारा 144 के अंतर्गत शहर में डीएम और एसपी फ्लैग मार्च कर रहे हैं।
कोलकाता में फिल्मकार अपर्णा सेन ने नागरिकता कानून और एनआरसी के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि मेट्रो स्टेशन बंद हैं। इंटरनेट बंद है। हर जगह धारा 144 लागू की गई है। किसी भी जगह आवाज उठाने की इजाजत नहीं है, जिन्होंने आज टैक्सपेयर्स का पैसा खर्च करके करोड़ों का विज्ञापन लोगों को समझाने के लिए निकाला है, वही लोग आज जनता की आवाज से इतना बौखलाएं हुए हैं कि सबकी आवाजें बंद कर रहे हैं।
हैदराबाद दक्षिणी के डीसीपी अविनाश मोहंती ने कहा कि शहर में किसी भी संगठन को पूरे दक्षिण क्षेत्र में किसी भी रैली, जुलूस या खुले विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। लगभग 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
Karnataka: Consortium of Left wing & Muslim organisation hold protest in Kalaburagi against #CitizenshipAmendmentAct. Police have detained more than 20 protesters. pic.twitter.com/DzDZXcknYo
चेन्नई पुलिस ने आज वल्लुवर कोट्टम में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ होने वाली रैली के लिए दी गई अनुमति को रद्द कर दिया है।
दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन ने आज शहर में होने वाले प्रदर्शनों के चलते दिल्ली के मेट्रो स्टेशन के निकास और प्रवेश द्वार बंद कर दिए हैं। इन स्टेशनों पर ट्रेन नहीं रुकेगी। इन स्टेशनों के नाम हैं- जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जसोला विहार, शाहीन बाग, मुनिर्का, लाल किला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक, विश्वविद्यालय, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, उद्योग भवन, आईटीओ, प्रगति मैदान, खान मार्केट और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन। हालांकि सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रोस्टेशन पर गाड़ियों का इंटरचेंज जारी रहेगा।
चंडीगढ़ में कई मुस्लिम संगठनों ने नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षाबल भी तैनात रहें।
अहमदाबाद पुलिस ने नागरिकता कानून को लेकर आज किसी भी तरह की रैली या विरोध प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं दी है। पुलिस ने नागरिकों से कानून का पालन करने का अनुरोध किया है।
19 और 20 दिसंबर को दिल्ली में आवागमन करने में परेशानी हो सकती है क्योंकि, राजधानी में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर दो बड़े प्रदर्शन हो रहे हैं। 19 दिसंबर की सुबह 11 बजे लालकिला से शहीद पार्क तक प्रदर्शन होगा, जिसमें विभिन्न छात्र संगठनों के अलावा सामाजिक संगठन भी हिस्सा ले सकते हैं।
ये इलाके हो सकते हैं प्रभावित
अगर इन प्रदर्शन को मंजूरी मिलती है तो लालकिला से जामा मस्जिद, दरियागंज, दिल्ली गेट, आईटीओ, कश्मीरी गेट बस स्टैंड की ओर जाने वाला मार्ग, राजघाट आदि प्रभावित हो सकते हैं। 20 दिसंबर को पुरानी दिल्ली, आईटीओ के अतिरिक्त टॉलस्टाय मार्ग, केजी मार्ग, जनपथ भी प्रभावित हो सकता है।
बिहार के दरभंगा में नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन रोकी।
छात्र संगठनों ने कई मुद्दों को लेकर बिहार बंद आह्वान किया है। इस बंद में 11 छात्र संगठन शामिल हैं। राजनैतिक दलों द्वारा बिहार बंदी का आह्वान को देखते हुए जिला प्रशासन ने 50 मजिस्ट्रेट और दो सौ पुलिस बल की तैनाती की है।
बंगलूरू में आज से तीन दिनों के लिए धारा-144
बंगलूरू में तीन दिनों के लिए धारा 144 लागू है। बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने बताया कि अगले 3 दिनों के लिए गुरुवार सुबह 6 बजे से पूरे बंगलूरू में धारा 144 लागू की जाएगी। संगठनों ने गुरुवार सुबह 11 बजे बंगलूरु के टाउन हॉल में विरोध-प्रदर्शन की योजना बनाई है।