फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ये सर्वे बता रहा इन तीन राज्यों में भाजपा गंवा सकती है सत्ता

Sun, 07 Oct 2018 10:10 AM IST
चुनाव डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
चुनाव सर्वेक्षण
विज्ञापन

चुनाव आयोग ने शनिवार को पांच राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव तारीखों का एलान कर दिया। छत्तीसगढ़ में दो चरणों और बाकी चार राज्यों में एक ही चरण में मतदान होगा। चुनाव आयोग के इस एलान के साथ ही पांचों राज्यों में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। 2019 आम चुनाव के मद्देनजर ये चुनाव बेहद अहम है। तमाम सर्वे बता रहे हैं कि इस बार भाजपा को मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।     

विज्ञापन

एबीपी-सी वोटर का सर्वे

एबीपी-सी वोटर का सर्वे बता रहा है कि इन तीनों राज्यों में बीजेपी को सत्ता गंवानी पड़ सकती है। बात करें मध्यप्रदेश की तो सर्वे में शामिल लोगों में से अधिकतर भाजपा को दूसरा मौका नहीं देना चाहते हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने इस बार बड़ी चुनौती है और उनपर सरकार बचाने का दारोमदार है। राज्य में कई ऐसे मुद्दे हैं जो भाजपा के खिलाफ जाते दिख रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा मुद्दा एससी-एसटी एक्ट का है।   

सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को कुल 230 सीटों में से 122 सीटें जबकि भाजपा को 108 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा लगातार 15 साल से यहां सत्ता पर काबिज है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा की क्या स्थिति रहती है। 
विज्ञापन


मध्यप्रदेश - कुल सीटें 230
भाजपा- 108 सीटें 
कांग्रेस -  122 सीटें 


शिवराज सिंह चौहान अभी भी लोगों की पहली पसंद 

सर्वे के मुताबिक, मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के तौर पर शिवराज सिंह चौहान अभी भी लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। 40 फीसदी लोग शिवराज सिंह चौहान को राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं, जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया 38 फीसदी लोगों की पसंद हैं। 

छत्तीसगढ़ में भी भाजपा को लग सकता है झटका

election survey
एबीपी-सी वोटर के सर्वे के मुताबिक छत्तीसगढ़ में भी भाजपा को झटका लगने जा रहा है। यहां कांग्रेस 15 साल बाद सत्ता में वापसी कर सकती है। राज्य में बसपा सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस से अलग होकर अपनी पार्टी जनता कांग्रेस बना चुके कद्दावर नेता अजीत जोगी की पार्टी के साथ गठबंधन किया है। ऐसे में यहां सियासी जंग काफी दिलचस्प नजर आ रही है। सर्वे के मुताबिक यहां कुल 90 विधानसभा सीटों में भाजपा को 40, कांग्रेस को 47 और अन्य को 3 सीटें मिलने का अनुमान है। 

छत्तीसगढ़- कुल 90 सीटें
भाजपा - 40 सीटें 
कांग्रेस - 47 सीटें 
अन्य - 3 सीटें 


वोट शेयर 
भाजपा- 38.6 फीसदी 
कांग्रेस - 38.9 फीसदी 
अन्य - 22.5 फीसदी 

रमन सिंह अभी भी लोगों की पहली पसंद 


हालांकि, छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के तौर पर अभी भी रमन सिंह लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। सर्वे के मुताबिक, 41 फीसदी लोग रमन सिंह को फिर से मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं, जबकि दूसरे नंबर पर कांग्रेस से अलग हो चुके अजीत जोगी 21 फीसदी लोगों की पसंद हैं। 
विज्ञापन

राजस्थान में भी भाजपा गंवा सकती है सत्ता 

सर्वे कह रहा है कि राजस्थान में भी भाजपा अपनी सरकार गंवा सकती है। यहां कुल 200 सीटों में से भाजपा को 56, कांग्रेस को 142 और अन्य को 2 सीटें मिलने का अनुमान है। सीएम वसुंधरा राजे के सामने कांग्रेस को रोकना बड़ी चुनौती है। उनके खिलाफ सत्ता विरोधी रुझान कायम है और कांग्रेस लगातार हमले कर रही है। कांग्रेस ने कमान पूर्व सीएम अशोक गहलोत को सौंपी है। सचिन पायलट को भी चुनाव अभियान में जोड़ा गया है।  

राजस्थान- कुल 200 सीटें
भाजपा - 56 सीटें
कांग्रेस - 142 सीटें
अन्य - 2 सीटें

वोट शेयर 
भाजपा - 34 फीसदी 
कांग्रेस - 50 फीसदी 
अन्य - 16 फीसदी 


वसुंधरा को पछाड़ सचिन पायलट बने लोगों की पहली पसंद 

सर्वे के मुताबिक, वसुंधरा राजे को अब राज्य के लोग कम पसंद करने लगे हैं और कांग्रेस के सचिन पायलट लोगों की पहली पसंद बन गए हैं। इस बार मुख्यमंत्री के तौर पर सचिन पायलट को 36 फीसदी लोग देखना चाहते हैं, जबकि वसुंधरा राजे 27 फीसदी और अशोक गहलोत 24 फीसदी लोगों की पसंद हैं।

बहरहाल, तीन राज्यों की ये चुनावी जंग बेहद दिलचस्प हो गई है। अगर परिणाम भी सर्वे जैसे ही आए तो भाजपा के 2019 अभियान को करारा झटका लगेगा। और अगर कांग्रेस की हार का सिलसिला जारी रहता है तो महागठबंधन की मुहिम कमजोर पड़ सकती है, जिसमें कांग्रेस का रोल बेहद कमजोर रहेगा। ऐसे में इन तीन राज्यों के नतीजों पर सभी की नजरें रहेंगी। चुनाव आयोग ने बिगुल फूंक दिया है और अब विभिन्न दलों में जंग और तेज होने जा रही है।  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें