फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उपचुनाव 2025: दो सीटें आप ने जीतीं, एक भाजपा को; कांग्रेस और तृणमूल के खाते में आई एक-एक सीट

Mon, 23 Jun 2025 08:42 PM IST
राहुल कुमार पीटीआई, नई दिल्ली

सार

चार राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के गोपाल इटालिया ने गुजरात की विसावदर सीट पर जीत दर्ज की वहीं उनकी पार्टी ने पंजाब में लुधियाना पश्चिम सीट भी बरकरार रखी, जबकि केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ ने सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) से नीलांबुर सीट छीन ली।
विज्ञापन
उपचुनाव 2025 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चार राज्यों की पांच विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने दो सीटें जीत ली हैं। भाजपा, तृणमूल और कांग्रेस को एक-एक सीटें मिली हैं।  विधानसभा उपचुनावों में सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के गोपाल इटालिया ने गुजरात की विसावदर सीट पर जीत दर्ज की वहीं उनकी पार्टी ने पंजाब में लुधियाना पश्चिम सीट भी बरकरार रखी, जबकि केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ ने सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) से नीलांबुर सीट छीन ली।
विज्ञापन


वहीं, गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा ने कडी सीट बरकरार रखी, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की कालीगंज विधानसभा सीट पर फिर से जीत दर्ज की। इन पांचों निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव के तहत 19 जून को मतदान हुआ था।

आप के खाते में आईं दो सीटें
आप की गुजरात इकाई के पूर्व अध्यक्ष इटालिया ने जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा उम्मीदवार किरीट पटेल को 17,554 मतों के अंतर से हराया।
विज्ञापन

भाजपा 2007 से विसावदर सीट नहीं जीत पाई है। आप के तत्कालीन विधायक भूपेंद्र भयानी के इस्तीफा देने के बाद दिसंबर 2023 में यह सीट खाली हो गई थी।

पंजाब में सत्तारूढ़ आप ने लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। उसके उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 10,637 मतों के अंतर से हराया।अरोड़ा को 35,179 जबकि आशु को 24,542 वोट मिले। भाजपा के जीवन गुप्ता को 20,323 वोट मिले जबकि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के परोपकार सिंह घुम्मण को महज 8,203 वोट ही हासिल हुए।जनवरी में आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।

मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उपचुनावों को ‘‘2027 का सेमीफाइनल’’ बताया और कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि मतदाता भाजपा और कांग्रेस दोनों को खारिज कर देंगे। गुजरात और पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होंगे।

कडी सीट बचाने में सफल रही भाजपा
भाजपा के राजेंद्र चावड़ा ने अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित मेहसाणा जिले की कडी सीट पर कांग्रेस के रमेश चावड़ा को 39,452 मतों के अंतर से हराया। यह सीट भाजपा विधायक करसन सोलंकी का फरवरी में निधन हो जाने के कारण रिक्त हुई थी। कांग्रेस की गुजरात इकाई के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने कडी और विसावदर विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी उम्मीदवारों की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

केरल में कांग्रेस गठबंधन को सीट
 कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने नीलांबुर विधानसभा सीट 11,077 मतों के अंतर से जीत ली है। कांग्रेस के आर्यदान शौकत ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिवालय सदस्य एम स्वराज को हराया।यह मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व वाले एलडीएफ के लिए पिनराई विजयन सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान चौथा उपचुनावी झटका है। एलडीएफ इससे पहले पुथुपल्ली, पलक्कड़ और थ्रिक्काकारा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों में भी हार चुका है।

बंगाल में टीएमसी ने जीता उपचुनाव
पश्चिम बंगाल में, कालीगंज विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार अलीफा अहमद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्मीदवार आशीष घोष को 50,049 मतों के भारी अंतर से हराया। अलीफा अहमद के पिता नसीरुद्दीन अहमद का निधन होने के कारण यह सीट खाली हुई थी।अंतिम 23वें चक्र की मतगणना के बाद अलीफा को 1,02,759 वोट मिले, जबकि घोष को 52,710 वोट मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें