महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आम बजट को अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि इस अर्थशास्त्र से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘सबका साथ सबका विकास’ की संकल्पना और विस्तारित हुई है। वित्तमंत्री अरुण जेटली के इस बजट से नए भारत के निर्माण का संकल्प किया गया है। किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं, पिछड़े और बुजुर्गों सहित सभी वर्ग को न्याय दिया गया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि कम आधारभूत कीमत (एमएसपी) किसानों की लगभग दो दशक की मांग पूरी हुई है। यह एक ऐतिहासिक क्षण है। इससे किसानों के उत्पादन खर्च का डेढ़ गुना एमएसपी प्राप्त होगा।
बजट में किसानों को अधिक से अधिक बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही कृषि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का निर्माण, अन्न प्रक्रिया उद्योग और फलोत्पादन को बढ़ावा देने का भी प्रावधान है। बजट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि 50 करोड़ नागरिकों के लिए दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना घोषित की गई है। इससे पांच लाख रुपये तक स्वास्थ्य कवच उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई की ‘जीवन रेखा’ लोकल रेल को अधिक मजबूत बनाने के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आज तक इतनी बड़ी निधि मुंबई को कभी नहीं मिली थी।