90 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है और सैन्य स्तर पर तीन बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक गलती से सीमापार गए बीएसएफ जवान की वापसी नहीं हो सकी है। सीमापार गए बीएसएफ जवान को वापस स्वदेश लाने के लिए बीएसएफ और पाकिस्तान रेंजर्स के बीच तीन राउंड की बैठक हो चुकी है, लेकिन अभी तक जवान की रिहाई नहीं है। पाकिस्तानी रेंजर्स ने जवान के बारे में जानकारी न होने की बात कही है।
गलती से सीमापार कर गया था बीएसएफ जवान
उल्लेखनीय है कि पंजाब के फिरोजपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी के दौरान बुधवार को बीएसएफ का एक जवान, जिसकी पहचान पुरनम कुमार शॉ के रूप में हुई है, गलती से सीमा पार कर गया। जहां पाकिस्तानी रेंजर्स ने उसे हिरासत में ले लिया। बीएसएफ जवान सेना की वर्दी में था और उसके पास उसकी सर्विस राइफल भी थी। अधिकारियों का कहना है कि जवान सीमा के नजदीक ड्यूटी पर तैनात था, उसी दौरान वह गलती से सीमापार जाकर एक पेड़ की छांव में बैठ गया, जहां से पाकिस्तानी रेंजर्स ने उसे कथित तौर पर पकड़ लिया। अब जवान की वापसी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
Pahalgam Attack: पाकिस्तान को घुटनों पर लाने की चेतावनी से लेकर भारतीयों को नसीहत तक, जानिए किसने क्या कहा
फील्ड कमांडर स्तर की बैठक की तैयारी
अब बीएसएफ ने पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ फील्ड कमांडर स्तर की बैठक की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि यह बैठक जल्द हो सकती है। बीएसएफ के डीजी दलजीत चौधरी ने इस मामले की विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय को भी दी है। बीएसएफ जवान का परिवार पश्चिम बंगाल में रहता है। जवान के पिता ने अपने बेटे कि सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है और अपने बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए सरकार से गुहार लगाई है। गौरतलब है कि यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। बीती 22 अप्रैल को आतंकियों ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी थी। जिसके बाद भारत ने भी सख्त रुख दिखाते हुए सिंधु जल समझौता स्थगित कर दिया।
ये भी पढ़ें-
Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर से आतंक का सफाया करने की मुहिम; पाकिस्तानी दहशतगर्दों के मददगारों के चेहरे बेनकाब
संबंधित वीडियो