सार
BSF: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पश्चिम बंगाल में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार मवेशियों की तस्करी की कोशिश को नाकाम किया है। इसके बाद बदमाश, अंधेरे और खेतों में ऊंची फसलों का फायदा उठाकर वापस बांग्लादेश की ओर भाग गए।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ जवान (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
भारत से सटी बांग्लादेश की सीमा पर आए दिन तस्करी से जुड़ी खबरें सामने आती रहती हैं। अब सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पश्चिम बंगाल में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार मवेशियों की तस्करी की कोशिश को नाकाम किया है। बताया गया है कि बांग्लादेश के कुछ नागरिकों द्वारा मवेशियों की तस्करी की जा रही थी।
मधुबाना सीमा चौकी पर बीएसएफ की कार्रवाई
पश्चिम बंगाल के बरहामपुर सेक्टर में मधुबाना सीमा चौकी पर 146वीं बटालियन के जवानों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जवानों ने रविवार तड़के मौके पर पांच-छह लोगों को संदिग्ध हरकतें करते देखा। वे मवेशियों के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा के बिना बाड़ वाले क्षेत्र को पार कर भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
बीएसएफ जवान पर किया जानलेवा हमला
जब बीएसएफ ने चेतावनी दी तो तस्करों ने हाथ में धारदार हथियार लेकर जवानों को धमकाया। जब एक जवान ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की तो बदमाशों ने जवान को घेर लिया। इसके बाद जवान पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बयान में कहा गया है कि जवान ने आत्मरक्षा में दो राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद बदमाश अंधेरे और खेतों में ऊंची फसलों का फायदा उठाकर वापस बांग्लादेश की ओर भाग गए। बीएसएफ ने मौके से दो मवेशियों और धारदार हथियारों को बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी में किसी भी बदमाश के घायल होने की सूचना नहीं है।
इससे पहले भी हो चुकी है घुसपैठ की कोशिश
बता दें कि इसी तरह की घटना पहले भी हुई थी। मालदा में लोधिया सीमा चौकी पर 70वीं बटालियन के जवानों ने करीब 15 बांग्लादेशियों की आवाजाही करते देखा था। उनके हाथ में भी धारदार हथियार थे। जैसे ही तस्करों ने भारत में घुसने की कोशिश तो बीएसएफ जवानों ने उन्हें चेतावनी देने के लिए स्टन ग्रेनेड दागा। उस दौरान भी घुसपैठियों ने जवानों पर धारदार हथियारों से हमला किया। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में बीएसएफ जवानों ने फायरिंग की। इसके बाद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर बांग्लादेश की तरफ भाग गए।