दिल्ली शराब घोटाले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच में गुरुवार को पूछताछ के लिए हाजिर नहीं होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बीआरएस एमएलसी के. कविता को नया समन जारी कर 20 मार्च को बुलाया है। कविता ने सुप्रीम कोर्ट से ईडी के समन को खारिज करने और गिरफ्तारी से राहत देने की अपील की थी जिस पर 24 मार्च को सुनवाई होनी है। मामला शीर्ष अदालत में लंबित होने के कारण कविता गुरुवार को ईडी के समक्ष पेश नहीं हुईं।
ईडी के सूत्रों ने बताया कि कविता ने गुरुवार को अपने अधिकृत प्रतिनिधि (एक बीआरएस पार्टी पदाधिकारी) को भेजा था, जिन्होंने मामले के जांच अधिकारी को उनके बैंक विवरण, व्यक्तिगत और व्यावसायिक विवरण के साथ उनके व्यक्तिगत बयान सौंपा। हालांकि ईडी ने कविता के छह पन्ने के एक आवेदन को खारिज कर दिया गया है। ईडी का तर्क है कि जांच एक महत्वपूर्ण चरण में है और ऐसे में आवेदन स्वीकार नहीं किया जा सकता। कविता को 20 मार्च को पेश होने के लिए कहा गया है। ईडी इससे पहले 44 वर्षीय कविता से 11 मार्च को पूछताछ कर चुकी है।
महिला होने के नाते मुझे ईडी कार्यालय नहीं बुलाना चाहिए
कविता ने कहा है कि एक महिला होने के नाते उन्हें पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय नहीं बुलाया जाना चाहिए। यह कवायद या तो एक वीडियो लिंक पर की जानी चाहिए या जांचकर्ता इसके लिए उनके आवास पर जा सकते हैं। मैं विनम्रतापूर्वक आपसे विनती करती हूं कि सुप्रीम कोर्ट के समक्ष लंबित कार्यवाही का सम्मान करें और किसी भी आगे की कार्यवाही से पहले सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करें।
अब तक सभी जानकारी दीं
कविता ने ईडी के समक्ष पहली पेशी के बारे में कहा, अब तक मैंने सभी प्रासंगिक जानकारी दे दी थीं। उन्होंने हैरानी भी जताई कि उनका फोन ईडी ने जब्त किया था। इसके अलावा ईडी ने किसी भी गिरफ्तार आरोपी के सामने बिठाकर कोई सवाल नहीं पूछे।
शराब कारोबारी पिल्लई की हिरासत 20 तक बढ़ी
उधर, आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार हैदराबाद के कारोबारी अरुण रामचंद्र पिल्लई की ईडी हिरासत गुरुवार को 20 मार्च तक बढ़ा दी गई। ईडी ने विशेष जज एमके नागपाल की अदालत को कि पिल्लई से अभी और राज निकलवाने हैं। साथ ही उसे सीए बुचिबाबू गोरंतला के सामने बिठाकर अभी और पूछताछ करनी है। गोरंतला को 17 मार्च को फिर समन किया गया है। पिल्लई एमएलसी के कविता के पूर्व ऑडिटर हैं। ईडी की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पिल्लई की ईडी हिरासत 20 मार्च तक बढ़ा दी।
इससे पहले बीते शनिवार को ईडी ने कविता से पूछताछ की थी। तब ईडी ने कहा था कि करीब नौ घंटे तक चली इस पूछताछ के दौरान कविता ईडी के ज्यादातर सवालों का जवाब देने से कतराती रहीं। पूछताछ का सिलसिला सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ, जो रात करीब आठ बजे तक चलता रहा। ईडी अधिकारियों ने बताया कि उन्हें 16 मार्च को फिर पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
वहीं, इस मामले में कविता को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली नहीं है। अदालत ने बुधवार को कविता को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया। हालांकि, कोर्ट उनकी याचिका को सूचीबद्ध करने पर सहमत हो गया है। 24 मार्च को उनकी याचिका पर सुनवाई होगी।
बीआरएस-बीजेपी के बीच पोस्टर वार
वहीं, कविता से ईडी की पूछताछ के पहले हैदराबाद में बीआरएस और बीजेपी के बीच पोस्टर वार देखने को मिला। बुधवार को हैदराबाद में बीआरएस कार्यकर्ताओं की तरफ से पोस्टर लगाए गए। सामने आए हैं। पोस्टरों में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष को 'अपराधी' और 'वांटेड' दिखाया गया है।
कविता ने मोदी सरकार पर बोला हमला
इसी बीच, कविता ने मोदी सरकार के खिलाफ हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के खिलाफ जो बोलता है, उसे बुलाया जाता है और सवाल किया जाता है। ये ठीक नहीं है। सभी को सवाल करने का अधिकार है। एजेंसियों ने पहले बिजनेस हाउस पर छापे मारे और उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश की, फिर उन्होंने राजनीतिक दलों को नियंत्रित करने की कोशिश की। हम लड़ेंगे, हमने कुछ गलत नहीं किया है।