ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस
- फोटो : एएनआई
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 96 वर्ष की उम्र में गुरुवार को स्काटलैंड के बालमोरल कैसल में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर दुनियाभर के नेता श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनके निधन पर भारत में 11 सितंबर को एक दिन राजकीय शोक होगा। वहीं रविवार को राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने उनके साथ अपनी 1982 में हुई मुलाकात को याद किया तो पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें प्रेरणास्त्रोत बताया।
ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने भी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर शोक जताया। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि देते हुए वह फर्राटेदार हिंदी बोलते हुए नजर आए। उच्चायुक्त ने कहा कि महारानी को उनकी निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ण सेवा के लिए ब्रिटेन-भारत और कॉमनवेल्थ देशों समेत पूरी दुनिया में याद किया जाएगा। हम महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं।
एलिस ने आगे कहा कि महारानी का जीवन दूसरों के लिए अनुकरणीय था। वह कर्तव्य, कड़ी मेहनत और गरिमा की प्रतिमूर्ति थीं। मुझे उनसे मिलने का सौभाग्य मिला था। यह एक दुख दिन है, लेकिन दूसरों की सेवा के लिए समर्पित लंबे और बेहतरीन जीवन को धन्यवाद देने का भी दिन है।
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर केंद्रीय गृहमंत्रालय ने अपने बयान में कहा हैकि भारत सरकार ने फैसला किया है कि एलिजाबेथ द्वितीय के सम्मान में 11 सितंबर को एक दिन का राजकीय शोक रहेगा। इस दिन पूरे भारत में राष्ट्रीय ध्वज झुका रहेगा। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महारानी अपने पूरे कार्यकाल में प्रेरणा की स्त्रोत रही हैं। उन्होंने हमेशा पूरी गरिमा और मर्यादा के साथ दायित्वों को निर्वहन किया।