ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री डेविड कैमरन
- फोटो : एएनआई
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने सोमवार को भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के पास प्रौद्योगिकी और भारत के भविष्य को लेकर बहुत स्पष्ट योजना है। इतना ही नहीं, उनके लगातार तीसरे कार्यकाल से यह साफ होता है कि वे निरंतर वास्तविक बदलाव लाने में सक्षम हैं।
'देश के भविष्य के लिए स्पष्ट योजना होना जरूरी'
एनडीटीवी वर्ल्ड समिट में कैमरन ने कहा कि आर्थिक वृद्धि, बुनियादी ढांचे में सुधार और देश के भविष्य के लिए स्पष्ट योजना होना बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा, 'राजनीति में आप पाते हैं कि जब आप प्रधानमंत्री बनते हैं तो हर चीज आप पर लाखों मील प्रति घंटे की गति से हमला करती है। ऐसे में अगर आपके पास कोई स्पष्ट योजना नहीं होगी कि आप करना क्या चाहते हैं तो समय-समय पर आने वाली परेशानियों से आप घबरा जाएंगे।'
क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत को एक उभरती हुई शक्ति करार दिया और कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया में उथल-पुथल मची हुई है, वह (भारत) उम्मीद की एक किरण बना है और आशा का संचार कर रहा है। भारत हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसका पैमाना अप्रत्याशित है। पीएम ने अपने तीसरे कार्यकाल के शुरुआती 125 दिनों में किए गए विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब भारत भविष्य की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है और यह 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प में भी दिखता है।
ब्रिटेन में दो नेताओं के अलावा किसी का नहीं रहा तीन कार्यकाल: कैमरन
कैमरन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की बातें सुनकर बहुत अच्छा लगा। अपने तीसरे कार्यकाल की शुरुआत में उस ऊर्जा का स्तर होना वास्तव में प्रभावशाली है। टोनी ब्लेयर और मार्गरेट थैचर के बाद ब्रिटेन में किसी प्रधानमंत्री का तीन कार्यकाल नहीं रहा है। उन्होंने आगे कहा कि यह बहुत प्रभावशाली है क्योंकि इसका मतलब है कि आपमें वास्तविक बदलाव लाने और चीजें सुसंगत तरीके से करने की क्षमता है। हम भारत में यही देख रहे हैं।
पूर्व पीएम ने कहा कि लोकतंत्र शोरगुल से भरा है और इसमें कठिन विवाद होते हैं। जितनी अधिक योजना आपके पास होगी, उतनी जल्दी आप शोर कम कर सकेंगे।