हिमाचल प्रदेश के मंत्री सुखराम चौधरी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें दीन दयाल उपाध्याय कोविड अस्पताल से स्थानांतरित कर शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में भर्ती करवाया गया है।
उत्तर प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 4,660 नए मामले सामने आए जबकि बीते 24 घंटे में इस संक्रमण से 47 और मौतों के साथ ही मृतकों का आंकड़ा 2000 को पार कर गया है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कुल 1,18,038 मामले हैं। बीते 24 घंटे में 47 और मौतों के साथ मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 2028 हो गया।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। मेघवाल केंद्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री एवं संसदीय कार्य मंत्री हैं। वे राजस्थान के बीकानेर लोकसभा सीट से सांसद हैं।
दिल्ली में आज कोरोना के 1404 नए मामले, 16 की मौत
दिल्ली में आज कोरोना के 1404 नए मामले सामने आए और 16 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 1130 लोग आज ठीक भी हुए। यहां कुल संक्रमितों की संख्या 1,44,127 हो गई है। इनमें 1,29,362 लोग ठीक हो गए हैं, 10667 मामले सक्रिय हैं और 4098 लोगों की मौत हो चुकी है।
चंडीगढ़ में 52 नए मामले, एक की मौत
चंडीगढ़ में आज कोरोना के 52 नए मामले सामने आए और एक की मौत हो गई। यहां कुल मामलों की संख्या 1426 हो गई है। वहीं, मौत का आंकड़ा बढ़कर 24 हो गया है। अब सक्रिय मामलों की संख्या 529 है।
भारतीय चिकित्सा संगठन (आईएमए) ने शनिवार को कहा कि देश में अभी तक कुल 196 चिकित्सकों की कोविड-19 से मौत हुई है और प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वह इस मुद्दे पर ध्यान दें।आईएमए ने चिंता जताते हुए कहा, आईएमए की तरफ से एकत्रित नवीनतम आंकड़े के मुताबिक हमारे देश ने 196 चिकित्सकों को खो दिया, जिनमें से 170 की उम्र 50 वर्ष से अधिक थी और इसमें 40 फीसदी जनरल प्रैक्टिशनर्स थे। चिकित्सकों के संगठन ने कहा कि बुखार और इससे जुड़े लक्षणों के लिए ज्यादा संख्या में लोग जनरल प्रैक्टिसनर्स से संपर्क करते हैं इसलिए वे पहला संपर्क बिंदु होते हैं।
गुजरात के वलसाड के वापी में जीडीआईसी के बायोकेमिकल कंपनी में भीषण आग लग गई। घटनास्थल पर दमकल की 8 से ज्यादा गाड़ियां मौजूद है।
मुंबई में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के भाई शोविक चक्रवर्ती आज फिर पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय में पहुंचे।
भारत और चीन आज दौलत बेग ओल्डी क्षेत्र में मेजर जनरल स्तर की वार्ता करेंगे, इसमें चीन द्वारा लद्दाख सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के क्षेत्र को मुक्त करने पर चर्चा होगी। भारतीय सेना के सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
दिल्ली में आज राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में गिरीश चंद्र मुर्मू को भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) पद की शपथ दिलाई। मुर्मू ने इस सप्ताह की शुरुआत में ही जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के पद से इस्तीफा दिया था।
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन आज करिपुर का दौरा करेंगे। शुक्रवार को करिपुर में एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। घटना में दो पायलटों समेत 17 लोगों की जान चली गई है।
ओडिशा के ब्रह्मपुर के 73 किलोमीटर पश्चिम दक्षिण-पश्चिम (WSW) में आज सुबह 7:10 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 3.8 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी पुष्टि की है।
बिहार के मुजफ्फरपुर में बाढ़ से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है। बता दें कि बिहार में भारी बारिश से कई जगह बाढ़ आ गई है।
जम्मू और कश्मीर: सेना और पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान में शुक्रवार को पुंछ जिले के मन्नार में एक आतंकवादी ठिकाने से दो एके -47 राइफल और 4 मैगजीन बरामद हुए।
केरल में विमान हादसे को लेकर अमेरिका ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हम मृतक के परिवार के प्रति अपना दुख प्रकट करते हैं तथा जो लोग घायल हुए थे, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।