परिवार के दो सदस्यों के कोरोना संक्रमित होने के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने ट्विटर पर घोषणा की कि उन्होंने भी कोरोना टेस्ट करवा लिया है,जिसके परिणाम का अभी इंतजार है। फिलहाल वे क्वारंटीन हैं।
बिहार पुलिस ने आज मुंबई में सुशांत के क्रिएटिव मैनेजर सिद्धार्थ पिठानी, मैनेजर दीपेश सावंत और दोस्त सिद्धार्थ गुप्ता के बयान दर्ज किए। पिठानी का बयान फोन पर लिया गया। बिहार पुलिस ने अबतक कुल 11 लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
पश्चिम बंगाल में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के कारण एक ही दिन में सर्वाधिक 53 लोगों की मौत के साथ ही राज्य में मृतकों का आंकड़ा 1,731 तक पहुंच गया। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। राज्य में सोमवार को संक्रमण के एक ही दिन में अब तक सबसे अधिक 2,716 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 78,232 हो गई। विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 2,088 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
छत्तीसगढ़: रायपुर जिला प्रशासन ने रक्षाबंधन पर अनाथ लड़कियों को स्मार्टफोन बांटे ताकि वे ऑनलाइन पढ़ाई कर सकें। लड़कियों ने अधिकारियों को राखी भी बांधी।
महाराष्ट्र में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 8,968 नए मामले सामने आने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,50,196 हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि 266 और मरीजों की मौत के साथ ही इस महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर प्रदेश में 15,842 हो गया है।
विभाग ने कहा कि रविवार को कुल 10,221 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई जिससे राज्य में ठीक हो चुके मरीजों की संख्या बढ़कर 2,87,030 पहुंच गई। महाराष्ट्र में अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,47,018 है। विभाग ने कहा कि राज्य में अब तक कोविड-19 के 22,98,723 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
माकपा पोलित ब्यूरो के सदस्य मोहम्मद सलीम कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने सोमवार को स्वयं ही इसकी जानकारी दी और कहा कि इसके बहुत हल्के लक्षण हैं। रायगंज क्षेत्र के 63 वर्षीय पूर्व सांसद को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुयी है। उनमें इसके मामूली लक्षण हैं। सलीम ने कहा कि अपने डॉक्टर की सलाह पर वह एक अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस निर्णय का मकसद अपने दोस्तों, परिवार और पड़ोसियों को संक्रमण के खतरे से बचाना है।
आंध्र प्रदेश में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 7,822 नए मामले सामने आए जिससे राज्य में इस वायरस से संक्रमित हुए कुल लोगों की संख्या 1,66,586 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में राज्य में इस महामारी से पीड़ित 63 और लोगों की मौत हो गई तथा 5,786 लोग ठीक होने के बाद अस्पतालों से अपने घर चले गए।
सरकार ने एक बुलेटिन में कहा कि राज्य में अब तक 88,672 लोग कोरोना वायरस को मात देकर ठीक हो चुके हैं और 76,377 लोग अब भी उपचाराधीन हैं। बुलेटिन में कहा गया कि 63 और लोगों की मौत के साथ राज्य में इस महामारी से पीड़ित 1,537 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार को राज्य में पूर्ण लॉकडाउन की तारीखों में दोबारा बदलाव किया। सरकारी आदेश में कहा गया कि नए बदलाव के मुताबिक लॉकडाउन 20 व 21 अगस्त और 27 एवं 28 अगस्त को लागू रहेगा। पहले इसकी तारीख 16 एवं 17 अगस्त और 23 एवं 24 अगस्त घोषित की गई थीं।
हालांकि, लॉकडाउन की अन्य तारीखों जैसे पांच, आठ और 31 अगस्त में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पहले, 28 जुलाई को पूर्ण लॉकडाउन के संबंध में तारीखों का ऐलान किया गया था। विभिन्न समुदायों की ओर से त्योहारों के मद्देनजर तारीखों में बदलाव की मांग की गई थी।
इस बार भी कुछ निश्चित तारीखों पर लॉकडाउन में ढील की मांग के चलते बदलाव किए गए हैं। राज्य के मुख्य सचिव राजीव सिन्हा की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि हमने आदेश को आंशिक रूप से संशोधित करने का यह निर्णय प्राप्त अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए और जनता की भावनाओं पर विचार करते हुए लिया है।
श्रीनगर में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक निरीक्षक की सोमवार को कोविड-19 के कारण मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निरीक्षक को दिल का दौरा पड़ा और बाद में उनकी रिपोर्ट में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। वह पहली बटालियन से संबंधित थे। अर्धसैनिक बल में कोरोनो वायरस महामारी के कारण यह 19वीं मौत है।
सीआरपीएफ में सोमवार को संक्रमण के 130 से अधिक नए मामले भी सामने आए। अधिकारियों ने कहा कि बल में अब तक सामने आए कुल 4,391 मामलों में से 2,398 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि बाकी संक्रमणमुक्त हो चुके हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जारी लड़ाई के बीच सोमवार को देश का नया स्वास्थ्य मंत्री नियुक्त किया। दो साल से भी कम समय में इस पद पर यह तीसरी नियुक्ति है। कोविड-19 पर वह प्रधानमंत्री के विश्वस्त व्यक्ति रहे हैं। वह डॉ. जफर मिर्जा की जगह लेंगे, जिन्होंने पिछले हफ्ते स्वास्थ्य कारणों को लेकर पद से इस्तीफा दे दिया था। पाकिस्तान में कोरोना वायरस से अब तक 2,80,000 से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि करीब 6,000 लोगों की मौत हुई है।
अस्पताल में कोविड-19 का उपचार करा रहे कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने सोमवार को कहा कि किसी को भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है और वह ठीक होकर जल्द काम पर लौटेंगे। मुख्यमंत्री का इलाज कर रहे मणिपाल अस्पताल ने कहा कि येदियुरप्पा के स्वास्थ्य में अच्छा सुधार हो रहा है और उनकी स्थिति चिकित्सकीय रूप से स्थिर है।
वहीं, मुख्यमंत्री की एक बेटी भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं और उनका इलाज भी मणिपाल अस्पताल में ही चल रहा है। मुख्यमंत्री के बेटे बी वाई विजयेंद्र ने कहा कि वह खुद एहतियात के तौर पर सात दिन तक गृह- पृथक-वास में रहेंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने तथा यहां स्थित उनके गृह कार्यालय और आधिकारिक आवास को रोगाणुमुक्त बनाने का काम किया गया है। इसके बाद पता चला कि कम से कम छह कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
तमिलनाडु में कोविड-19 से ठीक हुए रोगियों की कुल संख्या सोमवार को दो लाख पार कर गई, जबकि पहली बार राज्य में एक दिन में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में कहा गया कि राज्य में संक्रमण के 5,609 ताजा मामले सामने आने से संक्रमण के कुल मामले 2,63,222 हो गए।
बुलेटिन में कहा गया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण से 109 लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 4,241 हो गई। राज्य में सोमवार को कुल 5,800 लोगों को छुट्टी दे दी गई, जिससे स्वस्थ हो चुके लोगों की कुल संख्या 2,02,283 तक पहुंच गई। बुलेटिन में कहा गया है कि तमिलनाडु में अब उपचाराधीन रोगियों की संख्या 56,698 है।
महाराष्ट्र: मुंबई भाजपा प्रमुख मंगल प्रभात सहित पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज सुशांत सिंह राजपूत मामले सहित अन्य मुद्दों पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में धार्मिक स्थलों को खोले जाने की मांग की।
केरल में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 962 नए मामले सामने, जिनमें 15 स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य में संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़ कर 26,867 हो गई, जबकि इस महामारी से अब तक 84 लोगों की मौत हो चुकी है।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कोविड-19 के करीब 11,484 मरीज अभी इलाजरत हैं जबकि आज 815 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के साथ अब तक 15,278 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ट्रेडोल गेब्रियेसस ने कहा कि डब्ल्यूएचओ की टीम ने चीन में कोरोना वायरस की उत्पत्ति को लेकर जमीनी काम पूरा कर लिया है। वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि वायरस के शुरुआती सोर्स को लेकर वुहान में अध्ययन किया जाएगा।
नेपाल में कोरोना वायरस संक्रमण के 418 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 20,750 हो गई है। इसके अलावा अब तक 57 रोगियों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय के प्रवक्ता जागेश्वर गौतम ने पत्रकारों से कहा कि 14,961 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
देश के विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों में सोमवार तक 5,732 लोग संक्रमित हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि काठमांडू, बिराटनगर, पोखरा, बीरगंज और नेपालगंज जैसे इलाकों में भारी संख्या में लोग एकत्र हो रहे हैं ।शहरों के ये केंद्र कोरोना वायरस संक्रमण के लिहाज से संवेदनशील हो सकते हैं ।
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने टिड्डी नियंत्रण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा। उन्होंने इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की ताकि राज्यों को इससे लड़ने में मजबूती मिले।
उत्तर प्रदेश में 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 4473 मामले सामने आए और 50 की मौत हुई। राज्य में कुल सक्रिय केस 40191 हैं और अब तक 1778 की मौत हो चुकी है।
सुशांत राजपूत मामला: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा- बिहार सरकार, बिहार पुलिस का अपमान होने दे रही है। केंद्र और गृह मंत्रालय के पास शक्तियां हैं, उन्हें दखल देना चाहिए। डबल इंजन वाली सरकार को केंद्र से सीबीआई जांच की मांग करनी चाहिए। इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। हम सुशांत राजपूत के परिवार के साथ हैं।
इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि कूलभूषण जाधव मामले में भारतीय पक्ष को भी सुनवाई के दौरान मौका दिया जाना चाहिए। सुनवाई 3 सितंबर तक टली।
पिछले नौ दिनों से कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज करवा रहे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कोविड-19 की रविवार को कराई गई जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसलिए उन्हें कुछ दिन और अस्पताल में बिताने होंगे। वह भोपाल स्थित चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 25 जुलाई से भर्ती हैं।
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान की कोविड-19 जांच रिपोर्ट सोमवार को फिर से पॉजिटिव आई है।
रविवार रात को चौहान ने ट्वीट किया था, ‘‘आज (रविवार) अस्पताल में मेरा नौंवा दिन है। मैं स्वस्थ हूं, कोरोना वायरस का कोई लक्षण नहीं है। रविवार सुबह कोरोना वायरस जांच के लिए मेरा नमूना लिया गया है। रिपोर्ट निगेटिव आई तो कल (सोमवार को) अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आज जारी बुलेटिन के अनुसार के अनुसार चौहान की कोविड-19 की रविवार को कराई गई रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य है।
भारत में कोविड-19 का पता लगाने के लिए होने वाली जांचों की कुल संख्या दो करोड़ के पार हो चुकी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने यह जानकारी दी। आईसीएमआर ने कहा कि दो अगस्त तक कुल 2,02,02,858 नमूनों की जांच की गई, जिनमें 3,81,027 नमूनों की जांच रविवार को हुई।
भारत में 6 जुलाई को जांच की संख्या एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गई थी। देश में अब 1,348 जांच प्रयोगशालाएं हैं जिनमें 914 सरकारी और 434 निजी प्रयोगशालाएं हैं। पुणे में राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) के एकमात्र प्रयोगशाला के साथ कोविड-19 जांच की शुरुआत हुई थी और फिर लॉकडाउन शुरू होने के आसपास तक 100 प्रयोगशालाओं में इसकी जांच शुरू हो चुकी थी, जबकि 23 जून को आईसीएमआर ने 1000वीं जांच प्रयोगशाला को मान्यता प्रदान की थी।
पुडुचेरी में कोविड-19 से चार और लोगों की मौत के बाद संघ शासित प्रदेश में सोमवार को मृतकों का आंकड़ा 56 हो गया। वहीं, कोरोना वायरस संक्रमण के 178 नए मामले सामने आए।
स्वास्थ्य मंत्री एम कृष्ण राव ने एक वीडियो कांफ्रेंस के जरिये संवाददातओं को बताया कि संघ शासित प्रदेश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,982 हो गई है। उन्होंने कहा कि अब तक कोविड-19 के 2,411 मरीज ठीक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चौबीस घंटे में 782 नमूनों की जांच में से 178 में संक्रमण की पुष्टि हुई।
अफगानिस्तान में नांगरहार जेल पर हमले में करीब 29 की मौत और 50 से ज्यादा घायल। करीब 18 घंटे तक यहां संघर्ष चला। नांगरहार के गवर्नर के प्रवक्ता अताउल्लाह खोगयानी ने ये जानकारी दी।
हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने गौशाला स्कीम लॉन्च की जिसमें गौशाला की प्रति गाय के लिए 500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।
महिला विधायकों ने जैसलमेर में स्थित होटल सूर्यगृह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सोमवार को रक्षा बंधन के मौके पर राखी बांधी। गहलोत का समर्थन करने वाले सभी विधायक इस होटल में ठहरे हुए हैं।
कर्नाटक के शिवमोगा में कांग्रेस नेता आर प्रसन्ना कुमार बंगलूरू से वापस आते हुए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वे 27 जुलाई को बंगलूरू में पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा, 'मुझमें लक्षण नहीं हैं। मेरे संपर्क में आने वाले सभी व्यक्ति अपनी कोरोना जांच करवा लें।'
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सरोज नाम की नर्स ने राखी बांधी। सरोज की ड्यूटी उसी वार्ड में है जिसमें मुख्यमंत्री भर्ती हैं। वे 25 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा कार्यालय के स्टाफ के छह सदस्य कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। उनकी एक बेटी भी कोरोना से संक्रमित मिली हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी। इससे पहले मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी।
ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के कोविड-19 वैक्सीन एस्ट्रा जेनेका (COVISHIELD) के दूसरे और तीसरे चरण के नैदानिक परीक्षण करने की स्वीकृति दी।
शिवसेना के नेता संजय राउत ने सुशांत आत्महत्या मामले पर कहा, 'यदि मुंबई पुलिस पहले से ही मामले की जांच कर रही है, तो जो महाराष्ट्र सरकार या मामले से संबंधित नहीं है उसपर किसी को टिप्पणी नहीं करनी चाहिए क्योंकि मुंबई पुलिस अपने दम पर जांच का संचालन करने में सक्षम है।'
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। वे फिलहाल होम क्वारंटीन में हैं। उन्होंने ट्वीट करके अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी। कार्ति ने कहा, 'मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। मेरे लक्षण हल्के हैं और चिकित्सीय सलाह के अनुसार मैं होम क्वारंटीन में हूं। मैं हाल ही में अपने संपर्क में आए लोगों से आग्रह करता हूं कि वे चिकित्सा प्रोटोकॉल का पालन करें।'
अयोध्या भूमि विवाद मामले के पूर्व वादी इकबाल अंसारी को अयोध्या में राम मंदिर शिलान्यास समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। उन्होंने कहा, 'मेरा मानना है कि यह भगवान राम की इच्छा थी कि मुझे पहला निमंत्रण मिले। यह मुझे स्वीकार है।'
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'मेरा मानना है कि राम मंदिर निर्माण के बाद देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम राज्य आएगा। मेरी सभी से अपील है कि अपनी खुशी को व्यक्त करने के लिए चार और पांच अगस्त की रात को अपने घरों में मिट्टी के दीये जलाएं।'
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कहा, 'भारत में कोविड-19 परीक्षणों की संख्या ने दो अगस्त को 2,02,02,858 परीक्षणों के साथ दो करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया है।'
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़े के अनुसार पिछले 24 घंटे में एक दिन में 52,972 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं जबकि 771 मरीजों की मौत हो गई है। इसके साथ ही भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18,03,696 हो गई है। इसमें 5,79,357 सक्रिय मामले हैं और 1,186,203 मरीज ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं अब तक 38,135 लोगों की वायरस के कारण मौत हो गई है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने राज्यसभा सांसद अमर सिंह को उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी। बता दें कि अमर सिंह सिंगापुर के अस्पताल में एक अगस्त को निधन हो गया था।
बृहन मुंबई महानगरपालिका ने कहा, 'पटना के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी को मुंबई हवाई अड्डे पर घरेलू आगमन के लिए वर्तमान दिशानिर्देशों के अनुसार क्वारंटीन किया गया है।' वे सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले की जांच करने के लिए मुंबई पहुंचे हैं।
जम्मू और कश्मीर के राजौरा में रहवे वाले 17 साल के लड़के ने डोडो ड्रॉप नाम से एकफाइल शेयरिंग एप बनाई है जो चीनी एप का विकल्प है। उन्होंने कहा, 'मैंने चीनी एप्स पर प्रतिबंध के बाद इसे विकसित करना शुरू किया। मुझे इसे पूरा करने में चार हफ्ते का समय लगा। मैं भारत के लिए वैश्विक मानक वाले एप्लिकेशन विकसित करना चाहता हूं।'
लुधियाना पुलिस ने बताया कि 18 मई से एक अगस्त के बीच 270 एफआईआर दर्ज, 301 तस्कर गिरफ्तार, 1612 लीटर अवैध और 4606 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। अधिकांश ज्ञात शराब तस्कर या तो पकड़े गए हैं या अस्थायी तौर पर लुधियाना से दूसरे जिलों में स्थानांतरित हो गए हैं।
बिहार के मुजफ्फरपुर के मुरौल प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है।
असम के सिचार में मुकाम रोड पर दो समूहों के बीच हिंसक झड़प हो गई। सिचार के डीआईजी डीके डे ने कहा, स्थिति को नियंत्रण करने के लिए पहुंची पुलिस पर पत्थर फेंके गए। हम क्षेत्र को सील कर रहे हैं और कल क्षेत्र में कर्फ्यू लागू रहेगा।
दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि वह राष्ट्रपति ट्रंप से बात करने के बाद ही टिकटॉक खरीदने पर विचार करेगी। एएफपी न्यूज एजेंसी ने यह जानकारी दी है।
वर्ल्डोमीटर वेबसाइट के मुताबिक भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 18 लाख के पार चली गई है, वहीं एक दिन में 52 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। मृतकों का आंकड़ा 38 हजार से अधिक हो गया है।
स्पेस एक्स अपने दो अंतरिक्ष यात्रियों के साथ मेक्सिको की खाड़ी में सकुशल उतर चुका है। बता दें कि स्पेस एक्स यात्री डग्लस हर्ली और राबर्ट बेंकेन अंतरिक्ष की दो माह की एतिहासिक यात्रा पर गए थे।
केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उज्जैन के चिकित्सक डॉक्टर महावीर खांडेलवाल ने यह जानकारी दी।
असम में रविवार को कोरोना के 1178 नए मामले सामने आने से राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 42904 हो गई है। जिनमें से 11354 सक्रिय मामले अभी भी हैं वहीं अब तक कुल 105 लोगों की मौत भी हो गई है।