ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा पांच दिवसीय भारत दौरे पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने किया। विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक एक्स पोस्ट में इस बात की जानकारी दी। एयरपोर्ट के बाद सिल्वा होटल पहुंचे। वहां उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। मेहमान नेता भारतीय संस्कृति और आतिथ्य से खासा प्रभावित हुए हैं। उन्होंने भारत को नमस्ते कह आभार जताया है। सोशल मीडिया प्रोफाइल पर एक वीडियो शेयर कर उन्होंने पारंपरिक स्वागत के लिए धन्यवाद अदा करते हुए अपना एजेंडा भी बताया है।
होटल में पारंपरिक स्वागत के बाद मेहमान नेता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि नमस्ते, इंडिया...मैं एक जरूरी एजेंडे के साथ दौरे पर हूं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ये एजेंडा रिश्ते मजबूत करना, साझेदारी को गहरा करना और दुनिया में एआई के भविष्य पर चर्चा करना है। हम दोनों देशों के बीच और ज्यादा सहयोग, इनोवेशन और अवसर निर्माण के लिए काम करना जारी रखेंगे।
विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
मंत्रालय ने इस दौरे को दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत करने वाला करार दिया है। इस एक्स पोस्ट में आगे लिखा है कि भारत और ब्राजील के बीच करीबी और कई तरह के रिश्ते हैं। ये रिश्ते, जो रणनीतिक साझेदारी तक पहुंचे हैं, दरअसल, एक समान ग्लोबल विजन, लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता में ही निहित हैं। राष्ट्रपति लूला की यात्रा से भारत-ब्राजील साझेदारी को जबरदस्त रफ्तार मिलेगी।
ये भी पढ़ें:- AI Impact Summit: रोबो डॉग विवाद पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी की सफाई, कहा- हमारी प्रतिनिधि को जानकारी नहीं थी
18 से 22 फरवरी तक भारत में रहेंगे लूला दा सिल्वा
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा 18 से 22 फरवरी तक भारत में रहेंगे। यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है। इस बार राष्ट्रपति लूला अपने साथ सैकड़ों कंपनियों के मालिकों और अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल लेकर पहुंचे हैं।
भारत पहुंचने के बाद राष्ट्रपति लूला 19 और 20 फरवरी को नई दिल्ली में हो रहे दूसरे एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे। उन्होंने भारत रवाना होते समय पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे इस समिट में भाग लेंगे और भारत के साथ नए अवसरों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 2025 में भारत और ब्राजील के बीच व्यापार 15 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा रहा है।
ये भी पढ़ें: Indian Army: सेना की युद्धक तैयारी को बेहतर बनाएगा एआई; हथियार बनेंगे स्मार्ट, बढ़ेगी सटीकता
राष्ट्रपति मुर्मू से भी होगी मुलाकात
भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा "दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं का समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर के भोज का आयोजन करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे, जिनमें बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग, बहुपक्षवाद, वैश्विक शासन और ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।" राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी ब्राजील के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगी और उनके सम्मान में एक भोज का आयोजन करेंगी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी ब्राजील के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।
(इनपुट आईएएनएस)