प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तिलक लगातीं ब्रह्माकुमारी आश्रम की मुखिया राजयोगिनी दादी हृदयमोहिनी।
- फोटो : Twitter : @narendramodi
ब्रह्माकुमारी आश्रम की मुखिया राजयोगिनी दादी हृदयमोहिनी का गुरुवार को निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है। वह 93 वर्ष की थीं।
जानकारी के अनुसार, राजयोगिनी दादी हृदयमोहिनी ने गुरुवार सुबह 10.30 बजे मुंबई के सैफी हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। एक साल पहले दीदी जानकी के निधन के बाद दादी हृदयमोहिनी को मुखिया नियुक्त किया गया था।
दादी हृदयमोहिनी के निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा कि राजयोगिनी दादी हृदयमोहिनी ने समाज के उत्थान के लिए जो कुछ किया उसे हमेशा याद रखा जाएगा। दुनियाभर में ब्रह्माकुमारी के सकारात्मक संदेश को पहुंचाने में उनका अहम योगदान रहा है। उनके निधन का मुझे काफी दुख है, ओम शांति।
राहुल ने भी दुख जताया
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को प्रजापिता ब्रह्मकुमारी की प्रमुख राजयोगिनी दादी हृदय मोहिनी के निधन पर शोक प्रकट किया। उन्होंने ट्वीट किया कि राजयोगिनी दादी हृदय मोहिनी जी को मेरी श्रद्धांजलि। उन्हें आध्यात्मिक चेतना की प्रेरणा देने में उनकी भूमिका के लिए याद किया जाएगा और उनकी शिक्षाएं दुनिया भर में ब्रह्मकुमारी का निरंतर मार्गदर्शन करती रहेंगी। ओम शांति।