देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए बीएमसी ने बिना मास्क बेस्ट की बस, टैक्सी और ऑटोरिक्शा में यात्रा पर रोक लगा दी है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क घूमने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का आदेश दिया गया है।
बीएमसी आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक की और नए नियम को कड़ाई से लागू करने का आदेश दिया। आयुक्त ने कहा कि मुंबई के सभी ऑफिस, दुकानों, मॉल्स, सोसायटी आदि जगह पर मास्क नहीं तो प्रवेश नहीं नियम का सख्ती से पालन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही बेस्ट की बस, टैक्सी और ऑटोरिक्शा पर मास्क को अनिवार्य बनाने के लिए स्टीकर लगाए जाएं।