बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में सत्ता संघर्ष की संभावना तेज होने लगी है। शिवसेना और भाजपा की तल्खी के बीच कांग्रेस किंगमेकर की भूमिका निभाना चाहती है। माना जा रहा है कि कांग्रेस के दम पर शिवसेना मेयर पद हासिल करने की ताक में भी है, लेकिन इसे लेकर कांग्रेस में ही विरोध के स्वर फूट पड़े हैं। कांग्रेस महासचिव गुरुदास कामत ने शिवसेना को समर्थन देने का कड़ा विरोध किया है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दो टूक कहा कि सत्ता के लिए किसी कीमत पर कांग्रेस का समर्थन नहीं लेंगे।
शनिवार को शिवसेना ने भावी रणनीति तय करने के लिए पार्टी नेताओं और नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक बुलाई। शिवसेना भवन में पार्षदों को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने दावा किया कि बीएमसी में शिवसेना का ही महापौर होगा। हालांकि बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि धीरज रखिए हमें कोई जल्दबाजी नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण के बयान पर उद्धव ने कहा कि थोड़ा सब्र करो। चूंकि बीएमसी का मौजूदा कार्यकाल नौ मार्च को खत्म हो रहा है। लिहाजा तब तक शिवसेना अपने पत्ते खोलने को तैयार नहीं है।
शिवसेना को समर्थन देने के मसले पर अशोक चव्हाण ने शुक्रवार को कहा था कि शिवसेना पहले सरकार से बाहर हो और समर्थन वापस ले। इस बीच शिवसेना के नेता एवं राज्यमंत्री रवींद्र वायकर ने कहा कि हमें कांग्रेस का समर्थन स्वीकार है। वहीं, शनिवार को कांग्रेस नेता नारायण राणे के विधायक पुत्र नीतेश राणे ने कहा कि बीएमसी में शिवसेना को समर्थन देने के लिए कांग्रेस पार्टी में विभिन्न स्तर पर चर्चा शुरू है। इस चर्चा के बीच कांग्रेस में विरोध भी शुरू हो गया है।
गुरुदास कामत के बाद मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम का भी सुर बदल गया है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि हमें विपक्ष में बैठने का जनादेश मिला है और हमने अपने विचारों से पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को अवगत करा दिया है। हालांकि इससे पहले कांग्रेस नेता नारायण राणे और संजय निरुपम ने भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए शिवसेना को समर्थन देने के प्रति सकारात्मक रुख अपनाया था।