राष्ट्रीय स्वयंसेवक प्रमुख मोहन भागवत राष्ट्रपति की दौड़ से बाहर हो गए हैं। राष्ट्रपति चुनाव के लिए शिवसेना की तरफ से प्रस्तावित आरएसएस प्रमुख भागवत के नाम को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने खारिज कर दिया है। हालांकि अभी तक भाजपा की तरफ से आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए किसी अन्य उम्मीदवार के नाम पर भी फैसला नहीं हुआ है।
राष्ट्रपति के लिए भाजपा नेतृत्व वाले राजग प्रत्याशी के बारे में एक सवाल के जवाब में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने भागवत को राष्ट्रपति बनाने के शिवसेना के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया गया, क्योंकि आरएसएस ने इसे पहले ही खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि अगर मेरे मन में कोई नाम होगा भी तब भी इसके बारे में पहले पार्टी के अंदर चर्चा होगी।
कश्मीर के बारे में एक सवाल के जवाब में शाह ने कहा कि राज्य की स्थिति के बारे में अंश मात्र भी चिंतित होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही स्थिति को काबू में कर लेगी। उन्होंने कहा कि कश्मीर की स्थिति के बारे में जो कुछ पेश किया जा रहा है, उसमें और वास्तविकता में काफी अंतर है।