राजनैतिक जीत की नई उचाईयों को लगातार छू रही पीएम मोदी और अमित शाह की जोडी राष्ट्रपति चुनाव में भी अपना करिश्मा दिखाने को तैयार है। राज्यविधानसभा के संपन्न चुनावों की तरह भाजपा आलाकमान के हौसले राष्ट्रपति चुनाव के लिए भी सातवें आसमान पर हैं। भाजपा नेतृत्व को उम्मीद है कि आसानी से उसका उम्मीदवार राष्ट्रपति का चुनाव जीत जाएगा। यही वजह है कि पार्टी नेतृत्व विपक्ष की ज्यादा मानमनौवल करने के मूड में नहीं है।
पार्टी के एक शीर्ष नेता का कहना है कि स्थितियों का सम्मान सबको करना चाहिए। यदि विपक्ष हमारी स्थिति का सम्मान करता है तो ठीक वरना चुनाव का सामना करेंगे। वैसे मर्यादा का पालन करते हुए सरकार की ओर से सर्वसम्मति का प्रयास होगा। लेकिन उम्मीदवार के मामले में भाजपा अपनी बात को रखेगी। राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष में शुरू हुई कवायद की ओर इशारा करते हुए भाजपा के उक्त नेता का कहना है कि यदि विपक्ष अपना उम्मीदवार सामने खडा कर देगा तो हम उससे बैठने का आग्रह नहीं करेंगे। बल्कि चुनाव की तरह जमकर मुकाबला करेंगे।
दरअसल भगवा परिवार इस दफे हर हाल में अपने किसी व्यक्ति को संविधान के इस सर्वोच्च पद पर बैठाने के मूड में है। मोदी युग में भाजपा से लेकर संघ परिवार को उम्मीद है कि इस उसे सफलता जरूर मिलेगी। यूपी चुनाव से पहले भगवा परिवार में इस बात को लेकर संशय था कि उसका अपना व्यक्ति संविधान के सर्वोच्च् पद पर आसानी से बैठ पाएगा। लेकिन यूपी के ऐतिहासिक परिणाम के बाद संघ से लेकर भाजपा नेतृत्व तक के हौसले बढे हुए है। इन्हें उम्मीद है कि राष्ट्रपति के पद पर उनका अपना व्यक्ति आसानी से पहुंच जाएगा।