फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: पीएम के 73वें जन्मदिन पर देशभर में भाजपा मनाएगी सेवा पखवाड़ा, पढ़ें देश की अहम खबरें

Thu, 31 Aug 2023 05:26 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

प्रधानमंत्री के जन्मदिन की तैयारियों के संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, संजय बांदी और कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी वाली बैठक में यह निर्णय लिया गया।
विज्ञापन
National News - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भाजपा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के 73वें जन्मदिन से 2 अक्तूबर को गांधी जयंती तक 'सेवा पखवाड़ा' चलाएगी। सूत्र ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन की तैयारियों के संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, संजय बांदी और कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी वाली बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त बैठक में 'मेरी माटी, मेरा देश' और पार्टी के अन्य भावी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। 

ब्राजीली कमांडर ने पोखरण में देखी भारत के स्वदेशी हथियारों की मारक क्षमता

विज्ञापन

ब्राजील की सेना के कमांडर जनरल टॉमस मिगुएल माइन रिबेरो पाइवा ने बुधवार को राजस्थान के पोखरण में स्वदेशी हथियार प्रणालियों से किए गए फायरपावर प्रदर्शन को देखा। 40 मिनट के युद्धाभ्यास में आकाश मिसाइल, अर्जुन टैंक, ध्रुव हेलिकॉप्टर और सारथ बीएमपी गन जैसे हथियारों ने अपनी मारक क्षमता दिखाई। रिबेरो ने भारत में बने हथियारों की जमकर सराहना की। सेना की डेजर्ट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा ने रिबेरो को हथियारों के प्रदर्शन को लेकर जानकारी दी। मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री, आर्टिलरी, आर्मी एयर डिफेंस और विमानों व हेलिकॉप्टर को शामिल कर युद्धाभ्यास किया। इसके बाद ब्राजीली सेना कमांडर उमेद भवन प्लेस और मेहरानगढ़ किला घूमने गए। 

आंध्रप्रदेश : जंगली हाथी ने खेत में काम कर रहे दंपती को मार डाला
आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के एक गांव में बुधवार सुबह एक जंगली हाथी ने उत्पात मचाया। हाथी के हमले में खेत में काम कर रहे एक दंपती की मौत हो गई, जबकि मौके पर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा एक युवक घायल हो गया। हाथी ने एक गाय को भी कुचलकर मार डाला। यह घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे चित्तूर शहर से लगभग 15 किमी दूर गुडीपाला मंडल के रामापुरम गांव में हुई। 

कर्नाटक : बेचैनी की शिकायत के बाद कुमारस्वामी अस्पताल में भर्ती

विज्ञापन

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को कमजोरी और बेचैनी की शिकायत के बाद बुधवार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अपोलो अस्पताल ने एक स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा कि जनता दल (सेक्युलर) के नेता कुमारस्वामी (63) की तुरंत जांच के बाद उपचार शुरू कर दिया गया। इसमें बताया गया कि उनका रक्तचाप और दिल की धड़कन स्थिर है। उन्हें चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में रखा गया है। 

त्रिपुरा में 2.25 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त, 3 गिरफ्तार
असम राइफल्स और पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.25 करोड़ की हेरोइन जब्त की है। असम राइफल्स के मुताबिक, त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के सामान्य क्षेत्र कुमारघाट से 558 ग्राम हेरोइन के साथ तीन लोगों को पकड़ा। हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.25 करोड़ रुपये है। इससे पहले सोमवार को स्पेशल टास्क फोर्स एसटीएफ, असम पुलिस और तिनसुकिया जिला पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में तिनसुकिया जिले में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद कीं थीं। 

रिश्वतखोरी में कॉरपोरेट मंत्रालय के दो वरिष्ठ अफसरों को मिली जमानत
विशेष अदालत ने रिश्वतखोरी के एक मामले में कॉरपोरेट मंत्रालय के दो वरिष्ठ अधिकारियों को जमानत दे दी है। अदालत ने कहा सबूतों के साथ छेड़छाड़ की संभावना नहीं है। विशेष जज अंजू बजाज चंदना ने मंत्रालय के महानिदेशक (कॉरपोरेट मामलों) के कार्यालय में संयुक्त निदेशकों मंजीत सिंह और पुनीत दुग्गल को एक-एक लाख रुपए की जमानत राशि और इतनी राशि के मुचलके पर जमानत दी। विशेष जज ने कहा कि उनके निलंबन के बाद न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की संभावना नहीं है। बिना अदालत की अनुमति के दोनों देश से बाहर नहीं जाएंगे। मामला आलोक इंडस्ट्रीज से जुड़ा है। मंत्रालय में लंबित मामले में कंपनी के पक्ष में फैसले के लिए चार लाख रुपये की रिश्वत दी गई थी। दोष साबित होने पर अधिकतम सात साल कैद की सजा और जुर्माना भी हो सकता है।

कोयंबटूर में टैंकर लॉरी में विस्फोट से उत्तर प्रदेश के एक मजदूर की मौत
तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक टैंकर लॉरी में विस्फोट होने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मूल निवासी वक्किल के रूप में हुई है। घायल की पहचान रवि के रूप में हुई है। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टैंकर लॉरी का उपयोग रसायनों के परिवहन के लिए किया गया था। यह विस्फोट उस समय हुआ जब कर्मचारी टैंकर पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे।

भारत और अमेरिका मिलकर लाएंगे स्वच्छ ऊर्जा में क्रांति
भारत के नवीन एवं अक्षय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) और अमेरिका के ऊर्जा विभाग (डीओई) की रणनीतिक स्वच्छ ऊर्जा साझेदारी के तहत अक्षय ऊर्जा प्रौद्योगिकी कार्रवाई प्लेटफार्म (आरईटीएपी) शुरू करने के लिए बैठक हुई है। नवीन एवं अक्षय ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि इस साल 20 जून को वाशिंगटन डीसी में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक के दौरान आरईटीएपी की घोषणा की गई थी। तब दोनों नेताओं ने स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने के काम में तेजी लाने के लिए नई और उभरती प्रौद्योगिकियों पर सहयोग के विस्तार की घोषणा की थी। यह पहल दोनों नेताओं के दृष्टिकोण को वास्तविकता में तेजी से बदलने का प्रतीक है। मंत्रालय ने कहा कि इसका उद्देश्य तैनाती और स्केलिंग की दृष्टि से नई और उभरती अक्षय प्रौद्योगिकियों को आगे बढ़ाना है। शुरू में यह प्लेटफार्म हरित/स्वच्छ हाइड्रोजन, पवन ऊर्जा, दीर्घकालिक ऊर्जा भंडारण और भविष्य में उभरती प्रौद्योगिकियों का पता लगाने पर ध्यान केंद्रित करेगा।

रोक की अधिसूचना से पहले के चावल निर्यात को मंजूरी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन निर्यातकों ने 20 जुलाई को चावल निर्यात पर रोक की अधिसूचना से पहले निर्यात शुल्क भरा है, उन्हें उस खेप को भेजने की अनुमति होगी। डीजीएफटी ने कहा, उन गैर-बासमती सफेद चावल के निर्यात की अनुमति है, जिनका निर्यात शुल्क का भुगतान 20 जुलाई, 2023 को 21:57:01 बजे से पहले हो चुका है। कीमतों पर नियंत्रण के लिए सरकार ने चावल निर्यात पर पाबंदी लगाई है। 

विज्ञापन


एक सितंबर को लॉन्च किया जाएगा युद्धपोत महेंद्रगिरि
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पत्नी डॉ. सुदेश के साथ जलावतरण समारोह में शामिल होंगे। महेंद्रगिरि परियोजना पी-17ए का सातवां और अंतिम स्टील्थ फ्रिगेट है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें