भारतीय जनता पार्टी मंगलवार को अपने राज्यसभा के उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। पार्टी ने मंगलवार शाम छह बजे केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक भाजपा मुख्यालय में बुलाई है। बैठक के बाद पार्टी उन 16 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी, जहां उसकी जीत हासिल होनी तय है। 26 मार्च को 17 राज्यों की 55 सीटों पर राज्यसभा चुनाव होने हैं।
इस बीच मध्यप्रदेश भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए 22 में से 20 नामों की सूची हाईकमान को भेज दी है। इसमें राष्ट्रीय महासचिव राम माधव और कैलाश विजयवर्गीय का नाम है। पार्टी चुनाव समिति को इसमें से दो नामों का चुनाव करना है। मध्यप्रदेश में तीन सीटों पर चुनाव होने हैं। सूची में मौजूदा राज्यसभा सदस्य सत्यनारायण जातिया और प्रभात झा का नाम भी शामिल है।