यूपी के विधानसभा चुनाव में भाजपा दलितों, पिछड़ों और अगड़ों के साथ मुस्लिमों को भी साधने में जुट गई है। दो मुस्लिम देशों में प्रधानमंत्री को मिले सर्वोच्च नागरिक सम्मान को पार्टी भुनाने में लगी है और इसे बड़ी उपलब्धि करार दे रही है। साथ ही पार्टी ने राम मंदिर के मुद्दे से भी किनारा कर लिया है।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यह मुद्दा पूरी तरह से गायब रहा। इस मसले पर केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि जरूरी नहीं हर बैठक में राम मंदिर मुद्दे पर चर्चा की जाए।
केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि यूपी के चुनाव में मोदी ही भाजपा का चेहरा होंगे। उन्हीं के नाम पर चुनाव लड़ा जाएगा। अगर भाजपा इसी दिशा में आगे बढ़ती है तो सबसे पहले उसे साबित करना होगा कि यूपी में पार्टी हर वर्ग को लेकर आगे बढ़ेगी।