भाजपा 25 सितंबर को पार्टी की विस्तारित कार्यकारिणी में अगले लोकसभा चुनाव की रणनीति का तानाबाना बुनेगी। दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित होने वाली बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ ही पार्टी के सभी सांसद और विधायक भी शिरकत करेंगे।
विस्तारित कार्यकारिणी में राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव पारित होंगे। राजनीतिक प्रस्ताव में जहां मिशन 2019 के तहत 360 से अधिक सीटें जीतने का संकल्प लिया जाएगा, वहीं आर्थिक प्रस्ताव जीएसटी केंद्रित होगा।
पहले पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी और परिषद की बैठक बुलाने का निर्णय लिया था। बाद में मिशन 2019 का तानाबाना बुनने और इससे संबंधित रणनीति पर विचार-विमर्श के लिए विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक बुलाने पर सहमति बनी। चूंकि 25 सितंबर दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है और इसी दिन उपाध्याय जन्म शताब्दी समारोह का अंतिम दिन भी है। इसलिए विस्तारित कार्यकारिणी की तारीख भी इसी को ध्यान में रख कर तय किया गया।
पढ़ें- मिशन 2019 : भाजपा पर जमकर बरसीं मायावती, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
पार्टी सूत्रों ने बताया कि इससे एक दिन पहले अर्थात 24 सितंबर को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें विस्तारित कार्यकारिणी का एजेंडा तय होगा। इसके अगले दिन मिशन 2019 के लिए कई तरह के कार्यक्रम तय किए जाएंगे।
मिशन 2019 के लिए खासतौर पर प्रधानमंत्री की छवि को गरीबों का मसीहा के रूप में प्रस्तुत करने का तानाबाना बुना जाएगा। इसके लिए मोदी सरकार के तीन साल के कार्यकाल के दौरान गरीबों से जुड़ी योजनाओं और अभियानों का जिक्र किया जाएगा। राजनीतिक प्रस्ताव में इस आशय की रूपरेखा तैयार होगी, जबकि जीएसटी केंद्रित आर्थिक प्रस्ताव में जीएसटी से आए आर्थिक बदलाव, नोटबंदी के कारण बदली परिस्थितियों का जिक्र होगा।