नोटबंदी की पहली सालगिरह पर 8 नवंबर को पूरे देश में काला दिवस मनाने की घोषणा कर चुके विपक्ष की धार को कुंद करने के लिए भाजपा ने उस दिन काला धन विरोधी दिवस मनाने की घोषणा की है।
इस अवसर पर पार्टी के सभी प्रमुख नेता, पदाधिकारी और केंद्र एवं राज्यों के मंत्री देश भर में भ्रमण करेंगे और जनता को काला धन पर अंकुश के लिए मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी देंगे।
बुधवार को यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने यह ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह गुजरात के दौरे पर हैं, इसलिए यह महत्वपूर्ण ऐलान करने का जिम्मा उन्हें दिया गया है।
On 8th November 2017, BJP will celebrate 'Anti-Black Money Day' in the nation: FM Arun Jaitley in #Delhi pic.twitter.com/oc39RWVE6m
— ANI (@ANI) October 25, 2017
नोटबंदी पर कांग्रेस की समझ पर सवाल उठाते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि इस विषय के अधूरे ज्ञान के कारण ही यह पार्टी मोदी सरकार का बेवजह विरोध कर रही है।
दरअसल, नोटबंदी से पहले जिन लोगों के पास आय के ज्ञात स्रोतों से ज्यादा संपत्ति थी और जो काले धन को सफेद बनाने का काम कर रहे थे, उनकी पहचान मुश्किल थी, लेकिन अब जबकि सारी पुरानी करेंसी बैंकों में जमा हो गई है, ऐसे लोगों को पृथक करना आसान हो गया है।
यही नहीं, जिनकी आमदनी और जमाओं के बीच गड़बड़ी पाई जा रही है, उन्हें आयकर विभाग की ओर से नोटिस भेजा जा रहा है और अनियमितता साबित होने पर उनसे टैक्स की वसूली भी की जा रही है।