राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। इस बार उन्होंने शेयर बाजार और उसमें चल रहे खेल को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि बड़े खिलाड़ी छोटे निवेशकों को लूट रहे हैं। लेकिन बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल सिर्फ डर और भ्रम फैलाने में लगे हैं, असल में लाखों छोटे निवेशकों ने शेयर बाजार से अच्छा पैसा कमाया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शेयर बाजार को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि फ्यूचर एंड ऑप्शन (एफ एंड ओ) बाजार अमीरों का खेल बन चुका है और छोटे निवेशकों की जेब खाली हो रही है। उन्होंने हाल ही में सेबी की कार्रवाई का हवाला देते हुए पूछा कि जब हजारों करोड़ का घोटाला हुआ, तब सेबी चुप क्यों बैठा था?
सेबी पर राहुल के आरोप, मोदी सरकार पर साधा निशाना
राहुल ने सेबी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जाने स्ट्रीट नाम की कंपनी ने बाजार में हेरफेर किया और सरकार आंखें मूंदे बैठी रही। उन्होंने पूछा कि क्या और भी ऐसे खिलाड़ी हैं जो बाजार में गड़बड़ कर रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें बचा रही है? राहुल ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीयत पर भी सवाल खड़े किए।
बीजेपी का पलटवार, कहा- डर फैलाकर लोगों को गुमराह न करें
बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल सिर्फ डर और भ्रम फैलाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सेबी चुप होता तो जाने स्ट्रीट पर कार्रवाई नहीं होती। सरकार ने सेबी को पहले से ज्यादा मजबूत, पारदर्शी और स्वतंत्र बनाया है।
ये भी पढ़ें: दुनिया में किरकिरी के बाद सफाई देते फिर रहे आसिम मुनीर, चीन-तुर्किये के समर्थन की बात से भी मुकरे
राहुल को कांग्रेस के पुराने घोटाले याद दिलाए
अमित मालवीय ने कहा कि कांग्रेस के दौर में ही हर्षद मेहता, केतन पारेख और UTI जैसे घोटाले हुए। उस समय बाजार में लूट मची थी और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी थी। लेकिन मोदी सरकार में सेबी पर भरोसा बढ़ा है और नियम सख्त हुए हैं।
लाखों छोटे निवेशकों ने कमाया मुनाफा, बाजार में विश्वास बढ़ा
बीजेपी ने दावा किया कि पिछले 10 साल में म्यूचुअल फंड उद्योग 576 प्रतिशत बढ़ा है। एक करोड़ से बढ़कर चार करोड़ निवेशक बाजार से जुड़े हैं। SIP में निवेश 4.5 गुना बढ़ा है और 2020 से अब तक 580 से ज्यादा कंपनियों ने IPO लाया है, जिससे आम लोगों को मुनाफा हुआ है।
ये भी पढ़ें: 'शांति बस एक भ्रम, हर वक्त युद्ध के लिए तैयार रहें'; राजनाथ सिंह की रक्षा अधिकारियों को नसीहत
राहुल गांधी पर तंज- खुद निवेश कर रहे, दूसरों को डरा रहे
अमित मालवीय ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी खुद तो चुपचाप अपना निवेश बढ़ा रहे हैं, लेकिन जनता को डराने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत का शेयर बाजार लाखों नए निवेशकों को कमाई का मौका दे रहा है, राहुल और कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति इसमें कोई रोड़ा नहीं डाल सकती।