कर्नाटक भाजपा प्रमुख बी. वाई. विजयेंद्र ने हिंदुत्ववादी कार्यकर्ता की हत्या को लेकर शुक्रवार को सिद्धारमैया सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मामले की जांच एनआईए से कराने की मांग की। फाजिल हत्याकांड के मुख्य आरोपी और बजरंग दल के कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की मंगलुरु में कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी।
विजयेंद्र ने राज्य सरकार से मांग की कि सुहास के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। उन्होंने शेट्टी के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की भी घोषणा की। राज्य भाजपा अध्यक्ष शेट्टी के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए।
कांग्रेस के राज में सुरक्षित नहीं हिंदू: विजयेंद्र
राज्य भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिंदुत्ववादी कार्यकर्ता सुहास की बर्बर हत्या ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में कर्नाटक में हिंदू सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। यह घटना राज्य की कानून-व्यवस्था की लापरवाही को दर्शाती है।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक: हिंदू कार्यकर्ता की हत्या के बाद दक्षिण कन्नड़ में बंद, पथराव के बाद कुछ इलाकों में बस सेवाएं निलंबित
भाजपा नेता ने दावा किया कि सुहास को मिल रही जान से मारने की धमकी के बारे में पुलिस को जानकारी थी। फिर भी उसे कोई सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई। पुलिस ने सुहास के हथियार भी ले लिए थे। पुलिस विभाग भी इस साजिश में शामिल हो सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से आग्रह किया कि इस मामले को हल्के में न लिया जाए। विजयेंद्र ने इस मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपने की मांग की। उन्होंने कहा, सुहास का परिवार गरीब है। उसकी मां को गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्या है। हमारी पार्टी ने उसके परिवार को 25 लाख रुपये की मदद की घोषणा की है। राज्य सरकार को भी आगे आना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि शेट्टी की खुलेआम हत्या की घटना दिखाती है कि राज्य सरकार में कानून-व्यवस्था विफल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कट्टरपंथी बेखौफ होकर हिंदुत्ववादी कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं। यह घटना कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाने को मजबूर करती है। कांग्रेस सरकार राज्य को छोटा पाकिस्तान बनने दे रही है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा से हट गई 'कांच की दीवार', लोकतंत्र में बाधा बन रही थी ये कार्रवाई
उन्होंने कहा कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत को राज्य में बढ़ते कट्टरपंथ और कानून-व्यवस्था की विफलता पर तत्काल सख्त कदम उठाने चाहिए।
कर्नाटक में हिंदुओं की पहचान करके मारा जा रहा है: अशोक
वहीं, भाजपा नेता आर. अशोक ने भी राज्य सरकार की निंदा की। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि कश्मीर और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद की तरह यहां भी पहचान करके हिंदुओं को मारा जा रहा है। कांग्रेस की 'तुष्टिकरण की राजनीति' ने एक बार फिर कर्नाटक में चरमराती कानून-व्यवस्था को उजागर कर दिया है।