बीजेपी ने राहुल गांधी के राजघाट पर किये जा रहे उपवास पर निशाना साधा है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी उपवास नहीं उपहास कर रहे हैं। उपवास के नाम पर कांग्रेस नाटक कर रही है। संबित ने कहा कि कांग्रेस की सच्चाई अब सामने आ चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस से सवाल पूछते हुए कहा कि राहुल गांधी कर्नाटक में दलितों पर हो रहे जुल्म के लिए जवाब क्यों नहीं देते। वह कर्नाटक के दलितों के लिए उपवास क्यों नहीं रखते। आपको बता दें कि कांग्रेस पार्टी केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ आज देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है।
टाइटलर और सज्जन सिंह के उपवास स्थल पहुंचने पर निशाना साधते हुए बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जिस तरह से दंगे भड़काए गए और हजारों सिखों को जिंदा जलाया गया, वह हम सबने देखा है। आज उस दंगे के आरोपी ही शांति के प्रतीक महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पहुंच गए।
उधर, भाजपा के नेशनल आईटी हेड अमित मालवीय ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट किया- राहुल जी अगर लंच हो गया हो तो, उपवास पर बैठ जाओ।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राजघाट पर इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर उपवास कर रहे हैं।