भारतीय जनता पार्टी ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सबसे बड़ा चुनावी अभियान ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत' का आगाज मध्य प्रदेश से कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को खुद बूथ समिति सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान पीएम ने कार्यकर्ताओं को बूथ जीतने की प्लानिंग के मंत्र दिए। पीएम के इस दौरे से एक दिन पहले सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भोपाल पहुंच गए। दोनों नेताओं ने सभी लोकसभा सीटों से चयनित बूथ कार्यकर्ताओं से चर्चा भी की।
पीएम मोदी भी भोपाल में देख चुके है संगठन का कामकाज
पीएम मोदी भी भोपाल में संगठन की कमान संभाल चुके हैं। वे चुनाव में बूथ मैनेजमेंट पर जोर देते थे। भोपाल के भाजपा कार्यालय में रहते ही पीएम मोदी विधानसभा में बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं से जाकर मिलते थे। इस संपर्क और संवाद के जरिए भाजपा बूथ मैनेजमेंट के बूते ही सत्ता के शिखर पर पहुंची है। पीएम मोदी ने सोमवार को एक ट्वीट किया। इसमें लिखा है कि भोपाल में आयोजित मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम हमारी सकारात्मक राजनीति को एक नया संकल्प और एक नई शक्ति प्रदान करने वाला है। यह दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए समर्पित भाजपा के लाखों ऊर्जावान कार्यकर्ताओं से संवाद का साक्षी बनेगा।
कारगर साबित हुआ बूथ पैटर्न
मध्य प्रदेश और गुजरात में बूथ पैटर्न सेट करने के बाद भाजपा लगातार सत्ता में आई। प्रदेश में अभी 64 हजार बूथ है। इनमें भाजपा ने चुनावी प्रबंधन के लिए बूथ प्रभारी से लेकर पन्ना प्रमुख तक नियुक्त कर दिए हैं। इन 64 हजार बूथ पर पीएम मोदी के संबोधन को सुनने और देखने के लिए स्क्रीन्स लगाईं गईं। इनमें लोगों को भी बूथ स्तर पर ही कार्यक्रम में जोड़ा गया। मेरा बूथ-सबसे मजबूत कैंपेन के साथ ही भाजपा ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भी अपने अभियान का शंखनाद भी कर दिया। पहली बार ऐसा प्लान बनाया गया है कि प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र से बूथ विस्तारक चुने गए हैं। ये ट्रेंड विस्तारक देशभर में भाजपा के बूथ मैनेजमेंट में जुटेंगे और भाजपा सभी 543 लोकसभा सीट पर अपने एक्सपर्ट भेजेगी।