मणिपुर में विधानसभा चुनाव नजदीक है। सभी पार्टियां लुभावने वादों से जनता को अपनी पाले में करने की पुरजोर कोशिश कर रही हैं। इसी बीच मणिपुर चुनाव के लिए इंफाल में भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस दौरान कहा कि मणिपुर सकारात्मक राज्य है, इसमें अपार ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि ये पूर्वोत्तर के विकास का प्रवेश द्वार है।
जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले 5 साल में मणिपुर में काफी परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले ये राज्य नाकाबंदी के लिए जाना जाता था, लेकिन अब विकास, समृद्धि और अब तो खेल के लिए भी जाना जाता है।
घोषणा पत्र में क्या है खास
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और किसानों के सशक्तिकरण पर हमारा फोकस है। हम वंचितों, गरीबों और जरुरतमंदो की मदद करके उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। इसके लिए हम पीएम उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 2 मुफ्त सिलेंडर देंगे। कॉलेज जाने वाली सभी लड़कियों को मुफ्त स्कूटी उपलब्ध कराएंगे। आर्थिक रुप से कमजोर और पिछड़े वर्ग की लड़कियों की शिक्षा के लिए 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि, बारहवीं पास करने वाले मेधावी छात्रों को उनकी उच्च शिक्षा के लिए मुफ्त लैपटॉप भी देंगे।
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत किसानों 6000 रुपये से बढ़ाकर 8000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। मणिपुर के मछुआरों को 5 लाख का मुफ्त दुर्घटना बीमा दिया जाएगा। उन्होंने कहा हम मणिपुर में एक एम्स खोलेंगे, जिससे यहां के लोगों को इलाज के लिए भटकना न पड़े। इसके अलावा बीजेपी के घोषणा पत्र में वरिष्ठ नागरिकों की मासिक पेंशन 200 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया जाना भी शामिल है।