जो अपनी महिलाओं का सम्मान नहीं करता, दूसरों की क्या करेगा: राधिका खेड़ा
पूर्व में कांग्रेस पार्टी में रह चुकीं राधिका खेड़ा ने अमर उजाला से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे जनसेवक की मां के प्रति अभद्र टिप्पणी करके कांग्रेस पार्टी ने यह दिखा दिया है कि उसकी नजर में महिलाओं की कीमत क्या है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए वे पार्टी के महत्त्वपूर्ण पद पर थीं, लेकिन उनके साथ बेहद अभद्र व्यवहार किया गया। उस समय उन्होंने इसकी शिकायत कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों से की थी, लेकिन उन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
राधिका खेड़ा ने कहा कि, यह बताता है कि कांग्रेस में महिलाओं का सम्मान कितना बचा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी बुरी स्थिति के बाद भी अपनी गलती समझने के लिए तैयार नहीं है, लेकिन यह देश अब कांग्रेस की गलतियों को नजरअंदाज नहीं करेगा और पीएम की मां के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ उसको कड़ी सजा देगी।
सीता-सावित्री के देश में महिलाओं का अपमान स्वीकार नहीं: वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि इस देश में माता सीता और सावित्री को केवल महिलाएं ही नहीं, पूरा देश आदर्श के रूप में देखता है। नवरात्रों में महिला शक्ति की ही पूजा-अर्चना की जाती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपनी इस संस्कृति का सम्मान नहीं करते और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए भी अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की माताएं-बहनें इस अभद्र टिप्पणी को कभी स्वीकार नहीं करेंगी और कांग्रेस को इसके किए की सजा देंगी।
कांग्रेस के विरोध में नारेबाजी, पुतले फूंके
भाजपा ने खजूरी खास चौक पर राहुल गांधी और कांग्रेस का पुतला दहन कर भी पीएम और उनकी मां के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ आक्रोश जताया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता अरविंद त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस को यह टिप्पणी बहुत भारी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इसके पहले भी सोनिया गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं के द्वारा पीएम और उनके परिवार के ऊपर अभद्र टिप्पणी की गई थी। इसके बाद कांग्रेस का लगातार पतन होता गया। लेकिन इसके बाद भी कांग्रेस नहीं सुधरी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस की इस टिप्पणी का उचित जवाब देगी।