मानहानि के मामले में राहुल गांधी को दो साल की सजा मिलने से कांग्रेस आक्रोशित है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अगुआई में विपक्ष के सांसदों ने संसद भवन से विजय चौक तक पैदल मार्च किया। इस दौरान खरगे ने भाजपा अध्यक्ष डॉ. जेपी नड्डा और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। नड्डा पर पलटवार करते हुए खरगे ने कहा कि भाजपा जातिगत राजनीति कर रही है। उन्होंने पीएम मोदी से पूछा कि आखिर वो अदाणी मामले में जेपीसी की जांच न करवाकर क्या छिपाने की कोशिश कर रहे हैं?
खरगे ने ट्विट के जरिए भी नड्डा के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने राहुल के बयान को पूरे ओबीसी समाज का अपमान बताया। खरगे ने लिखा, 'मोदी सरकार JPC से भाग नहीं सकती। PNB व जनता के पैसे लेकर नीरव मोदी, ललित मोदी, मेहुल चौकसी भागे। OBC वर्ग तो नहीं भागा, फिर उनका अपमान कैसे हुआ? SBI/LIC को नुकसान आपके 'परम मित्र' ने पहुंचाया। एक तो 'चोरी' में सहयोग। फिर जातिगत राजनीति का प्रयोग! शर्मनाक!'
मोदी जी क्या जनता से छिपाना चाहते हैं?
खरगे ने विजय चौक पर पैदल मार्च के बाद मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने फिर से पीएम मोदी पर हमला बोला। कहा कि एक बात तो साफ है और जाहिर होता है कि मोदी जी जनता से कुछ छिपाना चाहते हैं। नीरव मोदी, मेहुल चौकसी, विजय माल्या, ललित मोदी जैसे लोग हजारों करोड़ रुपये सरकार से लूटकर बाहर चले गए, लेकिन उनके बारे में मोदी जी ने मुंह नहीं खोला।'
खरगे ने आगे कहा, 'हमेशा वो (पीएम मोदी) दूसरों को टिका-टिप्पणी करना अच्छा समझते हैं। आज मैंने भाजपा नेता का एक बयान सुना कि कांग्रेस और विपक्ष के लोग पिछड़े वर्ग के लोगों के खिलाफ बात कर रहे हैं। अरे भाई... जो चोरी करके भाग गए वो पिछड़े वर्ग के हैं? बताओ मेरे को कोई बैकवर्ड क्लास का कोई आदमी हजारों करोड़ रुपये लेकर चला गया। घपला किया। 12 लाख करोड़ ढ़ाई साल में अगर किसी ने कमाया है तो अदाणी ने कमाया है। उसे कमाने में मोदी जी ने मदद की। हम लोग अदाणी की बात कर रहे हैं। तो ये लोग बीच में झगड़ा लगाने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड क्लास बोल रहे हैं।'
राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा
खरगे ने कहा कि राहुल गांधी संसद में बोलना चाहते हैं। उन्होंने कई बार इसकी मांग की। अध्यक्ष को चिट्ठी भी लिखी। फिर भी उन्होंने माना नहीं। इससे ये जाहिर होता है कि देश में लोकतंत्र और बोलने की आजादी खत्म करने की कोशिश हो रही है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो इस देश में तानाशाही आ जाएगी। ये लोग हम सबको चुप करा देंगे।'
भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर बोला था हमला
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। सूरत कोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए नड्डा ने राहुल की ओर से केंद्र सरकार पर लगाए गए पुराने आरोपों की बात की और कहा कि उन्हें हर बार अपने कथनों पर हार मिली है। इतना ही नहीं भाजपा अध्यक्ष ने राहुल पर ओबीसी समुदाय का अपमान करने का आरोप तक लगा दिया।
नड्डा ने कहा, "कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को तथ्यों से परे और मनगढ़ंत आरोप लगाने की आदत है। 2019 लोकसभा चुनाव के पहले राहुल ने राफ़ेल के नाम पर देश को भ्रमित करने की कोशिश की। जिसको लेकर माननीय सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई और राहुल गांधी को मनगढ़ंत आरोप के लिए बिना शर्त माफी मांगनी पड़ी थी।"
उन्होंने 'चौकीदार चोर है' नारे का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल ने इसे लेकर में भी शोर मचाया, जिस पर मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों तक ने एतराज जताया। इस नारे पर जनता जनार्दन की अदालत ने 2019 चुनाव में राहुल गांधी को जमकर फटकार लगाई और कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी- बुरी हार का सामना करना पड़ा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी का अहंकार बहुत बड़ा और समझ बहुत छोटी है। अपने राजनीतिक लाभ के लिए उन्होंने पूरे ओबीसी समाज का अपमान किया। उन्हें चोर कहा। समाज और कोर्ट के द्वारा बार-बार समझाने और माफी मांगने के विकल्प को भी उन्होंने नजरअंदाज़ किया और लगातार ओबीसी समाज की भावना को ठेस पहुंचाई।
नड्डा ने कहा, "कल सूरत कोर्ट ने राहुल को ओबीसी समाज के प्रति उनके आपत्तिजनक बयान के लिए सजा सुनाई है। परंतु राहुल व कांग्रेस पार्टी अभी भी अपने अहंकार के चलते लगातार अपने बयान पर अड़े व निरंतर ओबीसी समाज की भावनाओं को आहत कर रहे हैं। पूरा ओबीसी समाज प्रजातांत्रिक ढंग से राहुल से इस अपमान का बदला लेगा।"