भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार 16 जनवरी से शुरू हो रही है। इस साल होने वाले 9 विधानसभा चुनाव और अगले लोकसभा चुनाव से पहले होने वाली इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल में विस्तार पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मुहर लग सकती है। लेकिन यह कार्यकारिण कई और मामलों में भी अपना असर छोड़ेगी, क्योंकि इसके माध्यम से भाजपा कई संदेश देने की कोशिश करेगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में परोसी जाने वाली चाय से लेकर भोजन तक के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर खास संदेश देने की कोशिश की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवन यात्रा में उनके द्वारा एक रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने की खूब चर्चा होती रही है। विपक्ष ने इसके जरिए प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला तो उन्होंने इसे अपनी ताकत बना लिया। इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी में परोसी जाने वाली चाय भी बेहद खास होने वाली है। इस हाई प्रोफाइल बैठक में चाय परोसने के लिए पार्टी ने किसी बड़े होटल या किसी बड़े ब्रांड को बुलाने की बजाय दिल्ली की सड़कों पर चाय बेचने वाले एक व्यक्ति को अवसर दिया है।
दिल्ली के ग्रीन पार्क में 'चाय पियो जी' के नाम से चाय की एक दुकान चलाने वाले राकेश जिंदल और उनकी पत्नी पूजा गुप्ता इस बहुचर्चित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के पदाधिकारियों को चाय पिलाएंगे। दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी के परिसर में चाय के दो बड़े स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोग सात अलग-अलग तरह की चाय पी सकेंगे। इतने बड़े राष्ट्रीय आयोजन में एक सामान्य चाय पिलाने वाले को अवसर देकर भाजपा यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि उसके हर कार्य में समाज के सबसे निचले स्तर तक के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को आगे बढाते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी में दूसरे दिन यानी 17 जनवरी को मोटे अनाज का भोजन यानी मिलेट फूड परोसा जाएगा। मोटे अनाज बाजरा मक्का की रोटी के साथ-साथ इसके अन्य व्यंजन भी लोगों को खाने के लिए पेश किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के सभी राष्ट्रीय-प्रदेश के पदाधिकारियों और मीडिया के सभी लोगों के लिए एक समान भोजन तय किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी भाजपा के पदाधिकारियों और कुछ अन्य सामान्य लोगों के साथ भोजन कर यह संदेश देने की कोशिश करेंगे कि वे उनके बीच के और उन्हीं के जैसे हैं। यह उनकी सामान्य लोगों के करीब जाने की कोशिश है जिसे वे प्रयागराज से लेकर काशी तक लगातार करते रहे हैं।
कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पूरा परिसर प्लास्टिक फ्री रखा जाएगा। खाने-पीने की चीजों के साथ साथ सजावट या किसी भी अन्य कार्य में प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाएगा। चाय और पानी पीने के लिए पेपर कप का इस्तेमाल किया जाएगा। कार्यकारिणी की बैठक के समय प्रधानमंत्री और अन्य पदाधिकारियों को मिट्टी की बोतल में पानी दिया जाएगा। इसके साथ उन्हें कांच की ग्लास भी दी जाएंगी, जिसमें वे पानी पी सकेंगे।
इस दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भाजपा के लगभग 350 नेता शामिल होंगे। बैठक दिल्ली के एनडीएमसी सेंटर पर आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासचिव, सचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता शामिल होंगे। इसके अलावा दूसरे राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। सभी नेताओं को बैठक में शामिल होने से पूर्व डिजिटल तरीके से हस्ताक्षर करने होंगे। बैठक में शामिल होने वाले सभी नेताओं को एक विशेष मोमेंटो देकर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
दूसरे दिन बैठक में शामिल होने से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटेल चौक मेट्रो स्टेशन से एनडीएमसी सेंटर तक रोड शो करेंगे। यह उन्हें गुजरात चुनाव में पार्टी को अभूतपूर्व सफलता दिलाने के लिए सम्मानित करने का प्रयास है। बैठक शुरू होने के पूर्व पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे शाम चार बजे एनडीएमसी सेंटर में एक उद्बोधन के साथ बैठक की औपचारिक शुरुआत करेंगे। बैठक के समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यकर्ताओं को 9 राज्यों और लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र देंगे।