2017 में उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से अयोध्या में रामायण संग्रहालय बनाने की घोषणा पर विपक्ष की आलोचना का सामना कर रही बीजेपी को अब अपने ही सांसद विनय कटियार के तीखे तेवरों का सामना करना पड़ रहा है। कटियार ने रामायण म्यूजियम को 'लॉलीपाप' करार दिया है।
Ram Mandir ke liye prayaas hona chahiye, ye lolipop se kuch nahi hone wala: BJP MP Vinay Katiyar on Ramayana Museum in Ayodhya pic.twitter.com/ra1TLwiXOc
— ANI (@ANI_news) October 18, 2016
कटियार ने एएनआई से कहा, 'राम मंदिर निर्माण की कोशिश होनी चाहिए, हमें इस लॉलीपॉप को लेकर खुश नहीं होना चाहिए।' कटियार रामायण म्यूजियम के संदर्भ में बोल रहे थे। बता दें कि बाबरी मस्जिद-रामजन्मभूमि साइट से 15 किलोमीटर दूर रामायण म्यूजियम के निर्माण की घोषणा हुई है।
बीजेपी सांसद ने आगे कहा, 'मैं जब भी अयोध्या जाता हूं, संत मुझसे पूछते है कि राम मंदिर कब बनेगा?, अच्छा है कि मैं आज नहीं गया।' कटियार केंद्रीय संस्कृति मंत्री महेश शर्मा के अयोध्या दौरे पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। शर्मा मंगलवार को प्रस्तावित म्यूजियम स्थल पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया।