बीते माह भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी उस समय सुर्खियों में आ गए थे, जब उन्होंने केंद्र सरकार के फैसले कड़ी आलोचना की थी। स्वामी ने अपनी ही सरकार के एयर इंडिया को बेचने के फैसले को राष्ट्रविरोधी तक बता दिया था। साथ ही इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही थी।
बता दें कि जनवरी में मोदी सरकार ने एयर इंडिया को बेचने के संबंध में प्रारंभिक जानकारी वाला मेमोरंडम जारी किया था। इस पर सांसद स्वामी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि यह सौदा पूरी तरह से देश विरोधी है और मुझे कोर्ट जाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। हम परिवार की बेशकीमती चीज को नहीं बेच सकते।
कांग्रेस ने भी साधा था निशाना
एयर इंडिया को बेचे जाने के संबंध में सवाल करने पर कांग्रेस पार्टी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। मामले में कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा था कि जब सरकारों के पास पैसा नहीं होता तो वे यही करती हैं। भारत सरकार के पास भी पैसा नहीं है, विकास दर पांच फीसदी से कम है। मनरेगा में भी लाखों रुपए बकाया हैं। ये हमारी सभी मूल्यवान संपत्तियां बेच देंगे।