भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शून्यकाल के दौरान लोकसभा में बुधवार को देश में समान नागरिक संहिता लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक भारतीय कहलाया जाए न कि हिंदू, मुस्लिम या ईसाई। सरकार का ध्यानाकर्षित करते हुए उन्होंने कहा, अब समय आ गया है कि समान नागरिक संहिता के लिए विधेयक सदन में लाया जाए। जिससे सब नागरिक भारतीय कहलाएं, हिंदू, मुस्लिम या ईसाई नहीं।
वहीं, एक अन्य भापजा सांसद सुकांत मजूमदार ने पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश से हो रहे रोहिंग्याओं के अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस तुष्टीकरण के लिए घुसपैठियों का साथ दे रही है। उन्होंने कहा केंद्र को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए।
जनसंख्या नीति बनाने की मांग
भाजपा सांसद दिलीप सैकिया ने देश में जनसंख्या वृद्धि पर चिंता व्यक्ति करते हुए इसे गंभीर मामला बताया। उन्होंने सरकार से जनसंख्या पर नियंत्रण के लिए देश में जनसंख्या नीति बनाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने सरकार से असम समेत देशभर में रहने वाले बांग्ला भाषी हिंदुओं के लिए कदम उठाने की भी मांग की।