पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के नागरकट्टा इलाके में राहत कार्यों का दौरा कर रहे भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और सिलिगुड़ी विधायक शंकर घोष पर बीते मंगलवार को कुछ लोगों ने हमला किया था। इस हमले में भाजपा सांसद को गंभीर चोट लगी है, उनकी स्थिति गंभीर है और उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसमें आंख के नीचे हड्डी टूटने की भी जानकारी है। जिस अस्पताल में खगेन मुर्मू का इलाज किया जा रहा है, वहां के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सांसद का आईसीयू में इलाज किया जा रहा हैं और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।
यह भी पढ़ें -
TMC Vs Centre: 'बाढ़ प्रबंधन के तहत बंगाल को ₹1290 करोड़ से अधिक जारी किए गए', ममता के आरोप पर केंद्र का जवाब
खगेन मुर्मू के चेहरे की होगी सर्जरी
अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सांसद खगेन मुर्मू को चोटों के इलाज के लिए सर्जिकल इंटरवेंशन की आवश्यकता पड़ सकती है। डॉक्टर उनकी स्थिति का आकलन कर रहे हैं। वहीं, विधायक शंकर घोष का स्वास्थ्य भी स्थिर है और उनका भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आठ लोगों पर दर्ज किया केस
इस हमले के बाद पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि घटना का वीडियो फुटेज मिला है और आरोपी की पहचान की जा रही है। इस मामले में भाजपा का आरोप है कि सांसद मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर हमला स्थानीय लोग और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने किया। शंकर घोष ने कहा कि उन्हें 'मुक्का मारा गया और पत्थरों से हमला किया गया'।
हमले पर लोकसभा ने गृह मंत्रालय से रिपोर्ट मांगी
इधर लोकसभा सचिवालय ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय से पश्चिम बंगाल में भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर हुए हमले पर तीन दिनों के भीतर एक तथ्यात्मक नोट मांगा है। सांसद खगेन मुर्मू और भाजपा विधायक शंकर घोष सोमवार को पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग में बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित दुआर्स क्षेत्र के दौरे के दौरान भीड़ के हमले में घायल हो गए थे। संसद के अधिकारियों ने बताया कि लोकसभा सचिवालय ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर पश्चिम बंगाल सरकार से इस मामले में तीन दिनों के भीतर एक 'तथ्यात्मक नोट' भेजने को कहा है।
पीएम मोदी ने भी राज्य सरकार पर साधा निशाना
इस घटना ने राजनीतिक विवाद भी खड़ा कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस को ऐसी मुश्किल परिस्थितियों में लोगों की मदद करने पर ध्यान देना चाहिए, न कि हिंसा में उलझने पर। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री पर प्राकृतिक आपदा का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें -
Bengal: बारिश-भूस्खलन से हुई तबाही का जायजा लेने दार्जिलिंग पहुंचे रिजिजू; MP-MLA पर हमले को लेकर TMC को घेरा
शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी पर लगाए आरोप
भाजपा का कहना है कि उनके नेता बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने गए थे, लेकिन उन्हें हिंसक लोगों ने रोक दिया। विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी ने हमलावरों की तस्वीरें जारी कर तृणमूल कांग्रेस पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिथुन चक्रवर्ती ने टीएमसी सरकार पर बोला हमला
वहीं इस हमले पर भाजपा नेता और फिल्म अभिनेत मिथुन चक्रवर्ती ने एक वीडियो में कहा कि जिस तरह से हमारे सांसद और विधायक पर हमला हुआ, वह बेहद शर्मनाक है। बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करने के बजाय, टीएमसी हिंसा पर उतर आई है। मैं अपने भाजपा साथियों से कहना चाहता हूं कि वे जनता के साथ खड़े रहें।