भाजपा सांसद गीता ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि लोग बार-बार एनडीए को स्पष्ट बहुमत इसलिए दे रहे हैं क्योंकि इसने देश के विकास के लिए काम करने के साथ-साथ दलित, शोषित और पिछड़े वर्ग का हित करके समानता लाने के प्रयास किए हैं। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस की शुरुआत करते हुए गीता उर्फ चंद्रप्रभा ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद में 27 मंत्री ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) से हैं और 20 एससी (अनुसूचित जाति) और एसटी (अनुसूचित जनजाति) से हैं जबकि 11 केंद्रीय मंत्री महिलाएं हैं।
गीता उत्तर प्रदेश से भाजपा की सांसद हैं जहां आगामी 10 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान होना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में लागू की गईं विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, 'लोगों ने 2019 में पिछले पांच वर्षों में हमारे काम के आधार पर हमें स्पष्ट बहुमत दिया था।' उन्होंने जोर दिया कि सरकार समाज में समानता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षण और एससी, एसटी व ओबीसी के लिए योजनाओं का संचालन शामिल है।