बीजू जनता दल (बीजद) को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए भर्तृहरि महताब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक किस्सा बताया। उन्होंने बताया कि कैसे उनकी तबियत खराब होने पर पीएम मोदी ने उनके बेटे को डांटा था।
भाजपा सांसद और कटक से लोकसभा उम्मीदवार भर्तृहरि महताब ने बताया कि दो साल पहले उन्हें स्ट्रोक हुआ था। दो दिनों के बाद उन्हें काफी बेचैनी महसूस होने लगी और सांस लेने में समस्या होने लगी थी।
सबसे पहले पीएम ने किया था फोन
उन्होंने कहा, 'सांस लेने में दिक्कत होने पर अस्पताल गया और एक घंटे के अंदर मुझे एक स्टेंट दिया गया। इस बात की जानकारी सबको हो गई थी। हालांकि, फोन सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी का ही आया। पीएम ने मेरे बेटे को फोन किया और उन्होंने उसे परिवार के बुजुर्ग की तरह लापरवाह होने के लिए फटकार लगाई थी।'
महताब ने कहा, 'मैं जब भी अपने बेटे से पूछता हूं कि पीएम ने क्या कहा था, तो वह कहता है कि जैसे ताऊ जी बच्चे को डांटते हैं, वैसे ही उन्होंने डांटा। शायद मेरे दादा जी भी ऐसे नहीं डांटते जैसे उन्होंने डांटा।'
हमारे परिवार के लिए उनका स्नेह
उन्होंने बताया, 'पीएम ने बेटे से कहा था कि तुम्हें पता कैसे नहीं चला वे तीन दिन से परेशान थे।' महताब ने कहा कि इससे पता चलता है कि हमारे परिवार के लिए उनका कितना स्नेह है। यह ऐसा किसी राजनीति के कारण नहीं है। बल्कि उनका यह व्यवहार देशवासियों के लिए भी है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच गठबंधन की चर्चा थी। दोनों दलों के नेता सीट बंटवारे पर सहमत नहीं हुए, इसके बाद भाजपा ने अकेले लड़ने का फैसला ले लिया था। इसी के बाद बीजद के दिग्गज नेता भर्तृहरि महताब भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। महताब 1998 से 2019 तक लगातार कटक से जीतते रहे हैं। 2014 से 2019 तक वह लोकसभा में बीजू जनता दल के नेता भी रहे।