उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के खतौली विधानसभा से विधायक विक्रम सैनी ने नागरिकता संशोधन आधिनियम को लेकर मुस्लिमों पर निशाना साधा है। सैनी ने कहा कि पाकिस्तान को भी ऐसा कानून बनाना चाहिए जो मुस्लिम यहां पर पीड़ित हैं उन्हें पाकिस्तान में नागरिकता देनी चाहिए। अदला-बदली कर लो जो वहां पीड़ित हैं वो हिंदुस्तान आ जाने चाहिए, जो यहां पीड़ित हैं वो पाक चले जाएं, कौन रोक रहा है।
नागरिकता कानून का हो रहा है विरोध
गौरतलब है कि भारत सरकार के द्वारा हाल ही में नागरिकता संशोधन कानून लागू किया गया है, जिसकी वजह से देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी है। पक्ष-विपक्ष के नेताओं में भी जुबानी जंग जारी है। विपक्षी पार्टियां यह कहकर इस कानून का विरोध कर रही है कि ये कानून संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन करता है और इसके साथ ही कई अन्य बातों का भी उल्लंघन करता है। विपक्ष का आरोप ये भी है केंद्र सरकार का ये कानून देश में अल्पसंख्यकों के प्रति भय पैदा करता है।