महाराष्ट्र में महिला पुलिसकर्मी से कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के मामले में तुमसर से भाजपा विधायक चरण वाघमारे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वाघमारे ने 16 सितंबर को महिला पुलिसकर्मी के साथ दुर्व्यवहार किया था। वाघमारे के खिलाफ 18 सितंबर को केस दर्ज किया गया था।
बता दें कि 16 सितंबर की रात 10 बजे तुमसर के कृषि उपज मंडी में कामगारों को सुरक्षा किट वितरित की जा रही थी। वहां तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ भाजपा शहर अध्यक्ष अनिल जिभकाटे का किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विधायक वाघमारे बीच-बचाव में उतर आए, तब जाकर मामला कुछ शांत हुआ, लेकिन इसके दो दिन बाद 18 सितंबर को महिला पुलिसकर्मी ने वाघमारे और शहर अध्यक्ष जिभकाटे के खिलाफ छेड़छाड़ और गालीगलौच करने के आरोप लगाकर शिकायत दर्ज कराई।
जैसे ही वाघमारे को केस दर्ज होने के बारे में पता चला वो अपने 500 से अधिक समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की। इसपर पुलिस ने पांच दिनों में जांच पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इसके बाद भंडारा पुलिस ने विधायक वाघमारे को हिरासत में लिया।