मणिपुर में मुख्यमंत्री पद के लिए नाम का एलान अभी तक नहीं हुआ है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि एन बीरेन सिंह को एक बार फिर यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। उधर, दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मिलकर लौटे भाजपा विधायक बिस्वजीत सिंह ने कहा है कि संसद सत्र के चलते इसके एलान में देरी हो रही है।
मणिपुर में भाजपा के वरिष्ठ विधायक थोंगम बिस्वजीत सिंह गुरुवार को दिल्ली से राज्य की राजधानी इंफाल लौट आए। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि मणिपुर भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है और राज्य के नेता हालिया विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत का जश्न मनाने दिल्ली गए थे।
विज्ञापन
इंफाल एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए सिंह ने कहा कि नए मुख्यमंत्री का एलान करने में देरी इसलिए हुई क्योंकि इस समय संसद का सत्र चल रहा है। बीरेन सिंह को फिर से मुख्यमंत्री बनाए जाने की खबरों को लेकर उन्होंने कहा कि ये फिलहाल के लिए केवल अटकलें हैं।
भाजपा विधायक ने कहा, 'नई दिल्ली में केंद्रीय नेताओं के साथ मणिपुर भाजपा के नेताओं की यह बैठक हाल ही में संपन्न हुए राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत को लेकर थी। इस दौरान राज्य में भाजपा के विधायक दल को लेकर किसी तरह की कोई चर्चा नहीं की गई।'
विज्ञापन
हम केंद्रीय नेताओं के निर्देश का पालन करेंगे: सिंह
उन्होंने कहा कि पार्टी का संसदीय बोर्ड राज्य विधायक दल के नेता के नाम का एलान करेगा। अभी इस घोषणा में देरी इसलिए हो रही है क्योंकि संसद का सत्र चल रहा है। भाजपा विधायक ने आगे कहा कि इस मामले में भाजपा की राज्य इकाई केंद्रीय नेताओं के निर्देशों का पालन करेगी।
राज्य के सीएम पद की दौड़ में शामिल हैं बिस्वजीत
राज्य के मुख्यमंत्री पद के लिए दौड़ में बिस्वजीत सिंह और एन बीरेन सिंह सबसे आगे चल रहे नेताओं में हैं। दोनों नेता चुनाव परिणामों का एलान होने के बाद अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली गए थे। लेकिन, आज खुद को मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवालों पर सिंह ने कोई जवाब नहीं दिया।