भारत के अंतरिक्ष की महाशक्ति बनने के एलान के साथ ही सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों की बाढ़ भी आ गई। इसी बीच महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश बापट ने भी इसे गौरव का क्षण बताते हुए डीआरडीओ के वैज्ञानिकों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। लेकिन अपने बधाई संदेश में हुई एक चूक के कारण कुछ ही मिनट में मंत्री गिरीश बापट सोशल मीडिया पर ट्रोल कर दिए गए।
मंत्री ने ट्विटर और फेसबुक पर बधाई देते हुए
'भारत की निगरानी कर रहे एक सैटेलाइट' को मार गिराने की बात कह डाली। पुणे लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार गिरीश बापट यह नहीं समझ पाए कि यह एक एंटी सैटेलाइट मिसाइल परीक्षण था और भारत ने किसी दूसरे देश के सैटेलाइट को नहीं बल्कि इसी मकसद के लिए जनवरी में लॉन्च किए गए अपने ही सैटेलाइट को गिराकर परीक्षण को अंजाम दिया है। डीआरडीओ के मुताबिक, बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस इंटरसेप्टर मिसाइल ने सफलतापूर्वक लो अर्थ ऑर्बिट में एक भारतीय सैटेलाइट को मार गिराया।
गिरीश बापट ने मराठी में ट्वीट करते हुए लिखा कि भारत ने एंटी सैटेलाइट मिसाइल का इस्तेमाल करते हुए पृथ्वी से 300 किमी दूरी पर अंतरिक्ष में लाइव सेटेलाइट को मार गिराया जो भारत पर नजर रख रहा था। हालांकि, ट्रोल होने के बाद मंत्री के अकाउंट से यह ट्वीट डिलीट कर दिया गया।