पश्चिम बंगाल के चर्चित नारद टेप स्कैंडल की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए भाजपा नेता मुकुल रॉय सीबीआई के सामने पेश हुए। रॉय को शुक्रवार को जांच एजेंसी के कार्यालय में पेश होने को कहा गया था, लेकिन वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों का हवाला देते हुए वहां नहीं गए थे और समय मांगा था।
रॉय शनिवार को करीब सवा दो बजे सीबीआई कार्यालय पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी ने उनसे तीन घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद रॉय ने कहा कि मैं कानून को मानने वाला नागरिक हूं। जांच एजेंसी जब भी कहेगी, मैं पूछताछ के लिए हाजिर हो जाऊंगा। मुकुल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के संस्थापकों में एक रहे हैं। टीएमसी में नंबर दो नेता रहे मुकुल मामले में 13 अन्य आरोपियों के साथ नामजद हैं।
मालूम हो कि सीबीआई ने गुरुवार को इस स्कैंडल की जांच के सिलसिले में आईपीएस अधिकारी एसएमएच मिर्जा को गिरफ्तार किया था। इन टेपों के 2016 में सामने आने के बाद यह पहली गिरफ्तारी है।
फुटेज में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिलते-जुलते लोग फायदा पहुंचाने के एवज में एक फर्जी कंपनी के प्रतिनिधियों से पैसे लेते हुए नजर आते हैं। रॉय को कथित रूप से मैथ्यू सैम्युएल्स से बातचीत करते हुए दिखाया गया है। रॉय तब तृणमूल कांग्रेस के सांसद थे। सैम्युएल्स ने ही 2014 में यह स्टिंग ऑपरेशन करने का दावा किया था।