भाजपा नेता आशीष शेलार ने शिवसेना सांसद संजय राउत को सरकार में अलग-थलग बताया।
- फोटो : Social Media
भारतीय जनता पार्टी के नेता आशीष शेलार ने शुक्रवार को दावा किया कि शिवसेना सांसद संजय राउत महाविकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन में अलग-थलग पड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि राउत को न तो अपनी पार्टी के अंदर और न ही एमवीए गठबंधन की ओर से कोई समर्थन मिल रहा है।
महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री शेलार ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि एमवीए का कोई भी नेता उनकी मदद करने नहीं जा रहा है। यही कारण होगा कि राउत ने कुछ मामलों में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पूछताछ शुरू किए जाने के बाद शोर मचाया था।’’
उन्होंने कहा कि राउत पिछले सात साल से भाजपा को अपमानित करते आ रहे थे, लेकिन ईडी अधिकारियों ने उस अवधि के दौरान उनके खिलाफ कोई जांच नहीं की थी। गौरतलब है कि राज्यसभा से सांसद राउत ने दो दिन पहले आरोप लगाया था कि केंद्रीय एजेंसियां शिवसेना नेताओं को सुनियोजित तरीके से निशाना बना रही हैं।
इस पर भाजपा नेता ने कहा, ‘‘शिवसेना का एक भी नेता राउत के समर्थन में नहीं बोल रहा है।’’ उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा, ‘‘मैं राउत और उनके भविष्य को लेकर चिंतित हूं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) से भी उन्हें कोई मदद नहीं मिल रही है।’’
क्या हैं संजय राउत की शिकायतें?
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू को तीन दिन पहले भेजे एक पत्र में राउत ने आरोप लगाया था कि शिवसेना के एनसीपी और कांग्रेस के साथ महाराष्ट्र में सरकार बनाने के बाद से ही केंद्रीय एजेंसियां शिवसेना के नेताओं को निशाना बना रही हैं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया था और एमवीए सरकार को गिराने में सहयोग करने को कहा था। हालांकि, जब उन्होंने इससे इनकार कर दिया तो उन्हें चेतावनी दी गई कि उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।